जिला कोरिया। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत शुक्रवार, 26 जून 2026 को टावर चौक में आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक आनन्द सोनी के नेतृत्व में उप पुलिस निरीक्षक कैशव ने अभियान के दौरान नागरिकों को नशा मुक्ति, साइबर अपराधों से बचाव तथा डिजिटल सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में लोगों को बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। युवाओं से विशेष रूप से अपील की गई कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

इसके साथ ही पुलिस ने बढ़ते साइबर फ्रॉड, एटीएम फ्रॉड, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ओटीपी ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे नए साइबर अपराधों के तरीकों से लोगों को अवगत कराया। नागरिकों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी, सीवीवी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर बिना जांच के विश्वास न करें।

पुलिस ने यह भी बताया कि यदि कोई व्यक्ति खुद को पुलिस, सीबीआई, ईडी या किसी अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर वीडियो कॉल या फोन पर डराने-धमकाने का प्रयास करे और पैसों की मांग करे, तो यह डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी हो सकती है। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत कॉल काटें और पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

अभियान के दौरान मौजूद नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और साइबर सुरक्षा तथा नशा मुक्ति संबंधी जानकारी को उपयोगी बताया। पुलिस ने सभी से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार व परिचितों को भी नशे एवं साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें, ताकि एक सुरक्षित, स्वस्थ और अपराधमुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।