जिला कोरिया। नगर पालिका परिषद शिवपुर चरचा में कार्यरत 97 प्लेसमेंट (ठेका) श्रमिकों के अप्रैल एवं मई 2026 के दो माह के लंबित वेतन भुगतान को लेकर मामला गरमा गया है। नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद वार्ड क्रमांक 03 श्रीमती लालमुनी यादव ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर श्रमिकों का वेतन शीघ्र जारी करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पालिका परिषद शिवपुर चरचा में कार्यरत 97 प्लेसमेंट श्रमिकों को अप्रैल और मई माह का वेतन अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी के कारण श्रमिकों एवं उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है।
नेता प्रतिपक्ष ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि श्रमिकों के परिश्रम का उचित सम्मान तभी संभव है जब उन्हें समय पर वेतन मिले। उन्होंने मांग की है कि 10 दिनों के भीतर दोनों माह का लंबित वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रमिकों को राहत मिल सके।
आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन में स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर वेतन भुगतान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी एवं नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन की संपूर्ण जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
कलेक्टर और थाना प्रभारी को भी भेजी प्रतिलिपि
इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर कोरिया, नगर पालिका अध्यक्ष शिवपुर चरचा तथा थाना प्रभारी चरचा को भी प्रेषित की गई है, ताकि मामले की गंभीरता से सभी संबंधित अधिकारी अवगत हो सकें।
श्रमिकों में बढ़ रही नाराजगी
वेतन भुगतान में देरी को लेकर प्लेसमेंट कर्मियों के बीच नाराजगी बढ़ती जा रही है। श्रमिकों का कहना है कि लगातार दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। अब सभी की निगाहें नगर पालिका प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं कि लंबित भुगतान कब तक किया जाता है।
यदि समय पर समाधान नहीं हुआ तो यह मामला नगर पालिका क्षेत्र में बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
0 टिप्पणियाँ