कोरिया, दुर्गापुर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत ग्राम दुर्गापुर में वनमण्डल बैकुंठपुर द्वारा भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम तथा क्षेत्रीय विधायक श्री भैयालाल राजवाड़े ने सहभागिता करते हुए फलदार पौधों का रोपण किया और लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान वृक्ष कृषक श्री राजेश पण्डो की वनाधिकार पट्टा भूमि पर आम, कटहल, लीची, जामुन, अमरूद, सीताफल, काजू एवं आँवला जैसे फलदार पौधे लगाए गए। इस पहल का उद्देश्य न केवल हरित क्षेत्र का विस्तार करना है, बल्कि ग्रामीणों की आजीविका और पोषण सुरक्षा को भी मजबूत बनाना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक अनूठा प्रयास है। उन्होंने ग्रामीणों से वृक्षारोपण के साथ-साथ सब्जी, दलहन और तिलहन फसलों की खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने वृक्ष कृषक राजेश पण्डो के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जुड़कर पौधरोपण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट के दौर में अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, जिससे भूजल स्तर बढ़ेगा, वायु शुद्ध होगी और पर्यावरणीय संतुलन बना रहेगा।
विधायक श्री भैयालाल राजवाड़े ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल भी बच्चों की तरह करनी होगी। उन्होंने वन विभाग को खाली पड़ी भूमि पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण की कार्ययोजना तैयार करने का सुझाव देते हुए कहा कि इससे "स्वच्छ कोरिया, हरित कोरिया" का सपना साकार होगा।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" केवल एक अभियान नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से जन्मदिन, त्योहारों और विशेष अवसरों पर पौधे लगाने की अपील की। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों में बचपन से ही पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित की जानी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां प्रकृति के महत्व को समझ सकें। उन्होंने कहा कि कोरिया जिले को प्रकृति ने अनमोल सौगातें दी हैं और इन्हें संरक्षित रखना हम सभी का कर्तव्य है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सौभाग्यवती कुसरो, श्रीमती गीता राजवाड़े, वनमण्डलाधिकारी श्रीमती प्रभाकर खलको, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे, वरिष्ठ नागरिक श्री कृष्ण बिहारी जायसवाल, श्री देवेंद्र तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के माध्यम से दुर्गापुर में हुआ यह वृक्षारोपण कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। जनभागीदारी और जागरूकता के इस प्रयास ने हरित एवं स्वच्छ कोरिया के संकल्प को नई मजबूती प्रदान की है।
0 टिप्पणियाँ