जिला कोरिया। जिला मुख्यालय के नगर पालिका शिवपुर-चरचा के वार्ड क्रमांक 1 पटेलपारा में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक हिरण पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने हिरण को चारों ओर से घेरकर बुरी तरह नोचना शुरू कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते हिरण की जान बच सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने एक हिरण को कुत्तों से घिरा देखा। हिरण खुद को बचाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कुत्तों के झुंड के सामने वह असहाय नजर आ रहा था। स्थिति को गंभीर देखते हुए ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और कुत्तों को खदेड़कर हिरण को उनके चंगुल से मुक्त कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि हमले में हिरण के पैर में गहरी चोटें आई हैं, जिससे वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गया था। घटना की जानकारी तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल हिरण का प्राथमिक परीक्षण कर उसे उपचार के लिए अपने साथ ले गई।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हिरण का इलाज कराया जा रहा है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उपचार के बाद उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल से लगे क्षेत्रों में वन्यजीव अक्सर भोजन और पानी की तलाश में आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं। ऐसे में आवारा कुत्तों के झुंड उनके लिए बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से वन्यजीव संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा आवारा कुत्तों की समस्या पर नियंत्रण करने की मांग की है।
यह घटना वन्यजीवों की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व की चुनौतियों को एक बार फिर उजागर करती है। ग्रामीणों की सजगता से एक बेजुबान वन्यजीव की जान तो बच गई, लेकिन यह मामला वन्यजीव संरक्षण के प्रति गंभीर चिंतन की आवश्यकता भी दर्शाता है।
0 टिप्पणियाँ