साथी हाथ बंटाना’ की मिसाल: जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने उठाया झाड़ू, स्वच्छ-स्वस्थ कोरिया का लिया संकल्प, प्रेमाबाग परिसर में चला व्यापक स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त वातावरण और कचरा पृथक्करण का दिया संदेश


जिला कोरिया। स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार सुबह बैकुंठपुर के प्रेमाबाग परिसर में जिला प्रशासन कोरिया द्वारा आयोजित स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने एक साथ झाड़ू उठाकर श्रमदान किया। ‘साथी हाथ बंटाना’ की भावना से प्रेरित इस अभियान ने सामूहिक भागीदारी और जनजागरूकता की नई मिसाल पेश की।
सुबह 7 बजे शुरू हुए अभियान में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने प्रेमाबाग परिसर में फैले कचरे की सफाई कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई और स्वच्छ-स्वस्थ कोरिया के निर्माण का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का नेतृत्व कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष एवं देवराहा बाबा समिति के अध्यक्ष शैलेष शिवहरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि जिस प्रकार हम अपने घर और शरीर को स्वच्छ रखते हैं, उसी प्रकार सार्वजनिक स्थलों, कार्यालयों, बाजारों और उद्यानों की स्वच्छता बनाए रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, कपड़े के थैले अपनाने तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता को यदि दैनिक जीवन का हिस्सा बना लिया जाए तो स्वस्थ समाज और स्वच्छ वातावरण का निर्माण स्वतः संभव हो जाएगा। जनभागीदारी ही किसी भी स्वच्छता अभियान की वास्तविक सफलता की कुंजी है।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और कचरा पृथक्करण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने हरे, नीले, काले और लाल डस्टबिन के उपयोग का प्रदर्शन करते हुए गीले, सूखे, घरेलू खतरनाक और जैव-चिकित्सा कचरे को अलग-अलग रखने की आवश्यकता बताई।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रेमाबाग परिसर में पड़े कचरे के ढेर को तत्काल हटाने के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए। निर्देश के बाद नगर पालिका अमले ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र दो घंटे के भीतर पूरे परिसर से कचरा हटाकर सफाई कार्य पूर्ण कर दिया। साथ ही आसपास के नागरिकों से भी अपील की गई कि वे घरों से निकलने वाले कचरे को मैदानों और नालियों में न फेंकें।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जिले के स्वच्छता शुभंकर ‘सफईतिन दीदी’ और ‘सफईता भैया’ रहे। दोनों शुभंकरों ने स्वच्छता, पुनर्चक्रण और कचरा पृथक्करण के महत्व को रोचक तरीके से समझाकर लोगों को जागरूक किया। बच्चों और युवाओं ने इनके साथ संवाद कर स्वच्छता संबंधी संदेशों को आत्मसात किया।
अभियान के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छ, सुंदर, हरित और प्लास्टिक मुक्त कोरिया के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। यह अभियान न केवल सफाई तक सीमित रहा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश भी देकर गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ