आने वाली पीढ़ियों को केवल संपत्ति नहीं, बल्कि सुरक्षित पर्यावरण दें, विश्व पर्यावरण दिवस पर ब्रह्माकुमारी संस्थान बैकुंठपुर में आयोजित हुआ जागरूकता एवं पौधरोपण कार्यक्रम

जिला कोरिया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, बैकुंठपुर द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं आध्यात्मिक जागरूकता पर आधारित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भाग लेकर पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया तथा पौधरोपण के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका बैकुंठपुर के वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद श्रीमती साधना जायसवाल, ब्रह्माकुमारी केंद्र की संचालिका बीके रेखा बहन, बीके रूपा बहन, जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब कोरिया के अध्यक्ष प्रवीन्द सिंह, लिटिल मिलेनियम स्कूल के डायरेक्टर वरुण बारिक, वन विभाग के अरविंद सोनी, प्रकाश सिंह, श्याम वर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीके रेखा बहन ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए केवल बाहरी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि मन और विचारों की शुद्धता भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारी संस्थान विशेष कृषि ग्राम विकास प्रभाग के सहयोग से प्रतिवर्ष पर्यावरण दिवस पर जागरूकता एवं पौधरोपण अभियान संचालित करता है। राजयोग, ध्यान और सकारात्मक चिंतन के माध्यम से मानसिक प्रदूषण को कम कर प्रकृति के संतुलन को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बेहतर पृथ्वी की शुरुआत हमारे भीतर सकारात्मक विचारों और श्रेष्ठ वाइब्रेशन से होती है।
बीके रूपा बहन ने कहा कि एक समय भारत को ‘सोने की चिड़िया’ कहा जाता था, जब प्रकृति के पांचों तत्व मानव जीवन के सहयोगी थे। किंतु बढ़ती जनसंख्या, औद्योगिकीकरण और संसाधनों के अंधाधुंध दोहन ने पर्यावरण को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। इसके परिणामस्वरूप आज तूफान, अतिवृष्टि तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने जल, जमीन, जंगल, जानवर और जनता—इन पांच तत्वों की सुरक्षा को पर्यावरण संरक्षण का मूल आधार बताया।

जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब कोरिया के अध्यक्ष प्रवीन्द सिंह ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को केवल संपत्ति ही नहीं, बल्कि सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण देना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

पार्षद श्रीमती साधना जायसवाल ने भी नागरिकों से पौधे लगाने एवं उन्हें संरक्षित रखने का आग्रह करते हुए कहा कि आज लगाया गया पौधा भविष्य में स्वच्छ हवा और बेहतर जीवन का आधार बनेगा।

कार्यक्रम के अंत में बीके रेखा बहन ने सभी उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। लगभग 40 भाई-बहनों की उपस्थिति में अतिथियों द्वारा पौधों का वितरण भी किया गया। वितरित पौधों में मूंगा (10), तुलसी (15), नीम (5), अमरूद (5), नींबू (5), अर्जुन (2), काजू (2), कोशम (2) तथा सीताफल (3) के पौधे शामिल थे।

कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश देकर लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ