जिला कोरिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय बैकुंठपुर, जिला कोरिया में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़े अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
आयोजित योग शिविर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय बैकुंठपुर के जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री समीर कुजूर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अमृता दिनेश मिश्रा, द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी श्रीमती प्रेरणा आहिरे, प्रथम व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी श्री ओम चौहान सहित न्यायालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के सदस्य उपस्थित रहे।
योग प्रशिक्षक श्री कृष्ण कुमार राजवाड़े ने सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के उपाय बताए तथा नियमित योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी।
इस अवसर पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री समीर कुजूर ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। उन्होंने सभी को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि योग मन, मस्तिष्क और शरीर को स्वस्थ रखने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है।
विश्व योग दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से न्यायालय परिसर में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
योग से स्वस्थ तन-मन का संदेश देते हुए जिला न्यायालय बैकुंठपुर में आयोजित यह कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की भावना को साकार करने वाला प्रेरणादायी आयोजन साबित हुआ।
0 टिप्पणियाँ