विश्व रक्तदाता दिवस पर उमड़ा सेवा का जज्बा, कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने स्वयं रक्तदान कर दिया संदेश, 31 लोगों ने किया महादान


जिला कोरिया। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिले में मानवता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिला। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, एसईसीएल तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एसईसीएल गौतम सदन, बैकुंठपुर में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 31 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सबसे प्रेरक क्षण तब रहा जब कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को रक्तदान के लिए आगे आने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना रजवाड़े, एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक नरेश प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे, रेड क्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि “रक्तदान जीवनदान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। दुर्घटना, आपातकाल, थैलेसीमिया, कैंसर तथा प्रसूति संबंधी जटिल परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर बन जाती है।” उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए।
एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक नरेश प्रसाद ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए कहा कि यह ऐसा दान है जिसका प्रतिफल सीधे किसी व्यक्ति का जीवन बचाने के रूप में मिलता है। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे ने कहा कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को इस अभियान से जुड़कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि यह रही कि एचएमएस महामंत्री योगेंद्र मिश्रा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान कर सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की। उन्होंने वर्षों से अपने जन्मदिवस को रक्तदान और जनसेवा से जोड़ रखा है।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह, सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अशरफ अंसारी, डॉ. गौरव बड़ेरिया, डॉ. बिराजी, डॉ. रोहित, एचएमएस अध्यक्ष हरि यादव सहित रेड क्रॉस सोसायटी, श्रद्धा महिला मंडल, सौम्य महिला समिति तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने तथा जिले में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। रक्तदान शिविर ने यह संदेश दिया कि एक व्यक्ति का छोटा-सा प्रयास किसी दूसरे व्यक्ति के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ