भाजपा का 47वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया, वार्ड-वार्ड में फहराया गया ध्वज


चरचा कॉलरी। भारतीय जनता पार्टी मण्डल शिवपुर चरचा द्वारा पार्टी का 47वां स्थापना दिवस पूरे नगर के सभी वार्डों में उत्साह, जोश और गौरव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश सिंह ने की। आयोजन की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद सभी वार्डों में भाजपा का ध्वज फहराकर स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मण्डल अध्यक्ष अभिमन्यु मुदुली, सचिन मलिक, प्रदीप तिवारी, महिला मोर्चा अध्यक्ष झरमिला देवी, पूर्व महिला अध्यक्ष उर्मिला सिंह, जितेन्द्र श्रीवास्तव, कुण्डल सायं, रामजी देवांगन सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी, पार्षद, महिला एवं युवा मोर्चा के सदस्य और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नपा उपाध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है, जो अपने कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता के कारण इस मुकाम तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करता है, यही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
वहीं पूर्व मण्डल अध्यक्ष अभिमन्यु मुदुली ने अपने संबोधन में कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संगठन की विचारधारा और मूल्यों को आत्मसात करने का दिन है। उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र को दोहराते हुए कार्यकर्ताओं से इसी दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने पार्टी के इतिहास, संघर्ष और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा ने देश के विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।
समापन के अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनसेवा के कार्यों को गति देने का संकल्प लिया। साथ ही आगामी चुनावों को लेकर सक्रिय रहने का आह्वान भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण कर एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जिससे क्षेत्र में संगठन की मजबूती स्पष्ट रूप से नजर आई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ