हनुमान मंदिर प्रांगण में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति मे 6 दिवसीय भव्य श्याम कथा सम्पन्न, भक्ति में डूबा शिवपुर चरचा क्षेत्र, भक्ति में झूम उठा पूरा क्षेत्र


चरचा कॉलरी। कोयलांचल क्षेत्र के शिवपुर चरचा स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में 6 अप्रैल से 11 अप्रैल तक आयोजित भव्य श्याम कथा का कार्यक्रम श्रद्धा, आस्था और भक्ति के अद्भुत संगम के साथ सम्पन्न हुआ। छह दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्रभर से हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता रही, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक ऊर्जा का संचार कर दिया और आयोजन की भव्यता का संदेश दिया।
प्रतिदिन शाम 5 बजे से आयोजित श्याम कथा में चित्रकूट से पधारे कथा व्यास अजय कृष्ण ने अपनी ओजस्वी वाणी और मधुर प्रवचन से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कथा के दौरान भगवान श्याम की महिमा, उनके भक्तों के प्रति प्रेम और जीवन में भक्ति के महत्व का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
कार्यक्रम के दौरान बाहर से आईं प्रसिद्ध भजन गायिका सुरभी गुप्ता व गायक बृज किशोर गुप्ता ने अपने मधुर भजनों से समां बांध दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा पंडाल भक्ति रस में डूब गया। विशेष रूप से महिलाओं ने भक्ति भाव में नृत्य कर आयोजन को और भी जीवंत बना दिया।
इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्रीय विधायक भईया लाल राजवाड़े, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल, नपा उपाध्यक्ष राजेश सिंह, मंडल अध्यक्ष दीपा विश्वकर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष अभिमन्यु मुदुली, पूर्व नपाध्यक्ष श्रीमती लालमुनि यादव, धर्मेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। उनके साथ ही बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे भी शामिल हुए।
आयोजन समिति के सदस्यों के अथक प्रयास और क्षेत्रवासियों के सहयोग से यह भव्य श्याम कथा सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। कार्यक्रम ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का भी संदेश दिया।
समापन दिवस पर विशेष पूजन, आरती और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा मंदिर परिसर जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा। भगवान श्याम की भव्य झांकी और आकर्षक सजावट ने सभी का मन मोह लिया।
कथा व्यास अजय कृष्ण ने अपने अंतिम प्रवचन में कहा कि भगवान श्याम अपने भक्तों की सच्ची श्रद्धा और विश्वास से प्रसन्न होते हैं। उन्होंने जीवन में धर्म, सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए कहा कि सच्ची भक्ति ही जीवन को सार्थक बनाती है।
वहीं आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों के सहयोग से ही इतना भव्य आयोजन संभव हो सका। समिति ने भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया।
पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

इस भव्य श्याम कथा ने शिवपुर चरचा क्षेत्र में धार्मिक चेतना का संचार करते हुए लोगों के मन में भक्ति, आस्था और एकता का संदेश छोड़ा, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।
क्षेत्रीय विधायक भईया लाल राजवाड़े ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को एकजुट करने का कार्य करते हैं।उन्होंने कहा कि भगवान श्याम की कथा केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि जीवन जीने की प्रेरणा भी देती है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और धार्मिक मूल्यों को समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इतने भव्य स्तर पर कथा का सफल आयोजन करना अपने आप में सराहनीय है। साथ ही उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इसी तरह सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेते रहें, जिससे समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द बना रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ