चरचा कॉलरी। हिन्द विद्यालय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, चरचा में 4 अप्रैल को शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिक परीक्षा परिणाम बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में घोषित किया गया। इस अवसर पर नर्सरी से लेकर नवमी एवं ग्यारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को उनका परीक्षा परिणाम वितरित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की भारी उपस्थिति ने पूरे आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में शिवपुर चरचा नगर पालिका के उपाध्यक्ष राजेश सिंह, वरिष्ठ पत्रकार नीरज गुप्ता, पत्रकार अंकित अग्रवाल, पार्षद श्रीमती रामकली पाल एवं पार्षद कुण्डल सायं शामिल रहे। विद्यालय के डायरेक्टर निसार खान एवं प्राचार्य शशिभूषण राय के नेतृत्व में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
समारोह की विशेष आकर्षण यह रही कि नर्सरी से 11वीं तक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल एवं मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास झलक रहा था, वहीं अभिभावकों ने भी गर्व के साथ इस पल का आनंद लिया।
विद्यालय प्रबंधन ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रारंभ होने की घोषणा भी की, जिससे अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य मिंटू कुमार द्विवेदी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं जयदेव पाण्डेय, राजाराम देवांगन, श्रीमती निशा राय, मंजू केवट, शिल्पी सरकार, खुशबू यादव, मेघा तिवारी, कौशर बानो, शबीरन, संजय सिंह, हीरा विश्वकर्मा, सुप्रिया ठाकुर एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम बाद में घोषित किए जाएंगे।
समारोह के समापन पर डायरेक्टर निसार खान ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए सभी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी और भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित किया।
छात्राओं के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना की घोषणा
इस अवसर पर डायरेक्टर निसार खान ने एक सराहनीय घोषणा करते हुए बताया कि 10वीं बोर्ड परीक्षा में 95% से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को विद्यालय की ओर से ₹21,000 नगद एवं आगे की पढ़ाई का पूरा खर्च वहन किया जाएगा। वहीं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 95% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को ₹51,000 नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों की मेहनत का सम्मान था, बल्कि उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करने वाला प्रेरणादायक कदम भी साबित हुआ।
📚 शिक्षा के साथ संस्कारों पर भी दिया गया विशेष जोर
समारोह के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन को सही दिशा देने का सबसे सशक्त साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे बच्चों की शिक्षा में निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन देते रहें।
विद्यालय के डायरेक्टर निसार खान ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि स्कूल में समय-समय पर विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है।
बेहतर परिणाम के लिए सतत प्रयास
प्राचार्य शशिभूषण राय ने बताया कि विद्यालय लगातार बेहतर शैक्षणिक परिणाम देने के लिए प्रयासरत है। अनुभवी शिक्षकों की टीम, नियमित टेस्ट, विशेष कक्षाएं एवं विद्यार्थियों की व्यक्तिगत मॉनिटरिंग के माध्यम से उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जाता है।
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी तरह के सफल आयोजनों की निरंतरता बनाए रखने का संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ