कोरिया, चरचा कॉलरी। जिले के चरचा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हिंसा की बड़ी घटना सामने आई, जहां मामूली विवाद ने देखते ही देखते खतरनाक रूप ले लिया। वार्ड क्रमांक 11 के बाजार पारा इलाके में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। हमलावरों ने धारदार हथियारों, लाठी-डंडों और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे पूरा क्षेत्र रणभूमि में तब्दील हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे शुरू हुई झड़प में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस हिंसक घटना में कुल 5 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घर से बुलाकर स्टेडियम में किया जानलेवा हमला......
मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब वार्ड क्रमांक 12 मस्जिद लाइन निवासी 55 वर्षीय महिला किरन ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, 19 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे 9-10 युवक उसके घर पहुंचे और उसके बेटे योगेश को ढूंढते हुए खुलेआम जान से मारने की धमकी दी।
कुछ देर बाद पड़ोसियों से सूचना मिली कि योगेश को श्रमवीर स्टेडियम में घेरकर मारपीट की जा रही है। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो देखा कि आरोपी युवक तलवार, गुप्ती और लोहे की रॉड से बेरहमी से हमला कर रहे थे। बीच-बचाव करने पहुंचे रमेश को भी नहीं बख्शा गया और उसे भी गंभीर रूप से पीटा गया।
हमले में योगेश और रमेश के सिर, हाथ और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में इलाज जारी, युवक की हालत नाजुक.......
घायलों को तत्काल रीजनल अस्पताल चरचा और जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, योगेश की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले.........
सूत्रों के मुताबिक, घटना में शामिल कई आरोपियों के खिलाफ पहले से मारपीट और आपराधिक गतिविधियों के मामले दर्ज हैं। इसके बावजूद उन पर सख्ती नहीं होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होती तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती।
पुलिस अलर्ट, आरोपियों की तलाश तेज......
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इलाके में तनाव बरकरार है, वहीं लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता साफ नजर आ रही है।
तनावपूर्ण शांति, पुलिस की कड़ी निगरानी में चरचा क्षेत्र......
घटना के बाद से चरचा कॉलरी और आसपास के वार्डों में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। संवेदनशील इलाकों बाजार पारा, मस्जिद लाइन और श्रमवीर स्टेडियम क्षेत्र में पुलिस की लगातार गश्त जारी है।
एफआईआर दर्ज, कई धाराओं में मामला कायम......
पीड़िता किरन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों राज, सावन, अम्बर, आयुष, मंतोष, सन्नी समेत अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के प्रयास, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी जैसी धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुरानी रंजिश बनी वजह, हर एंगल से जांच.........
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, विवाद की असली वजह क्या थी, इसे लेकर जांच जारी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि घटना की पूरी कड़ियां जोड़ी जा सकें।
जनप्रतिनिधियों ने जताई चिंता, सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी चिंता जताई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही, रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में स्थायी पुलिस चौकी की भी मांग उठ रही है।
इलाके में डर का माहौल, लोग बोले—अब सुरक्षा चाहिए......
घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भय साफ देखा जा रहा है। बाजार पारा और आसपास के क्षेत्रों में देर रात तक सन्नाटा पसरा रहा। कई लोगों ने खुलकर कहा कि यदि समय रहते ऐसे तत्वों पर लगाम नहीं लगाई गई, तो भविष्य में और बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।
प्रशासन का आश्वासन—दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा......
पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था कायम रह सके।
फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है, लेकिन इस घटना ने चरचा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
0 टिप्पणियाँ