कोरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अंतर्राज्यीय नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 1095 नशीले इंजेक्शन के साथ दो गिरफ्तार


कोरिया जिला। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पटना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर नशीले इंजेक्शनों की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1095 नग प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अब तक की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में माना जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन में जिलेभर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिला साइबर टीम, थाना प्रभारी पटना एवं थाना स्टाफ की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों में अमृता पटेल, पति पुष्पेंद्र पटेल तथा रामबाई, पति विनोद पटेल निवासी चरचा शामिल हैं। दोनों आरोपी सांस बहू है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी झारखंड राज्य के गढ़वा क्षेत्र से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन लेकर ग्राम डुमरिया क्षेत्र में बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 1095 नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। जब्त सामग्री में Rexogesic/Buprenorphine Injection तथा Avil Injection शामिल हैं, जिनका उपयोग नशे के रूप में किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना पटना में अपराध क्रमांक 128/2026 के तहत धारा 22 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

इस कार्रवाई के बाद कोरिया पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके और अपराधियों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ