पेयजल संकट से लेकर भ्रष्टाचार तक, आठ सूत्रीय मांगों को लेकर नेता प्रतिपक्ष लालमुनी यादव का धरना शुरू, नगर पालिका प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन


जिला कोरिया। शिवपुर-चरचा नगर पालिका क्षेत्र में लगातार बढ़ती जनसमस्याओं को लेकर नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष लालमुनी यादव ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने रविवार, 26 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे से राजीव गांधी चौक में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।

धरना स्थल पर लालमुनी यादव ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन की उदासीनता के कारण नगर की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। कई बार ज्ञापन और बैठकों के माध्यम से समस्याओं की जानकारी देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण उन्हें जनहित में आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

उन्होंने बताया कि उनका आंदोलन आठ प्रमुख मांगों को लेकर है। इनमें नगर में गहराता पेयजल संकट, मुख्य मार्गों और वार्डों की बंद स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू करना, जर्जर सड़कों एवं नालियों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था में सुधार, ब्लीचिंग पाउडर एवं कीटनाशक दवाओं का नियमित छिड़काव, नगर पालिका में कथित भ्रष्टाचार की जांच, तथा नगर पालिका कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।

लालमुनी यादव ने कहा कि बरसात के मौसम में पेयजल, सफाई और जल निकासी जैसी समस्याएं और अधिक गंभीर हो गई हैं। नालियों की सफाई नहीं होने से कई वार्डों में जलभराव की स्थिति बन रही है, वहीं नियमित कीटनाशक छिड़काव नहीं होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन इन गंभीर समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि नगरवासियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।

इस धरने को लेकर नगर की राजनीति भी गर्मा गई है। अब लोगों की नजर नगर पालिका प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है कि वह इन मांगों पर क्या निर्णय लेता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ