हिन्द विद्यालय में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित, मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ भव्य सम्मान

चरचा कॉलरी। भीषण गर्मी के बीच शिक्षा जगत से एक सकारात्मक और प्रेरणादायक खबर सामने आई है। हिन्द विद्यालय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, चरचा में 29 अप्रैल को शैक्षणिक सत्र 2025-26 के वार्षिक परीक्षा परिणाम का भव्य एवं गरिमामय आयोजन के साथ ऐलान किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने उत्सव का रूप ले लिया, जहां विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की भारी उपस्थिति देखने को मिली।
समारोह के मुख्य अतिथियों में शिवपुर-चरचा नगर पालिका के उपाध्यक्ष राजेश सिंह, वरिष्ठ पत्रकार नीरज गुप्ता, पत्रकार अंकित अग्रवाल एवं पार्षद कुण्डल साय शामिल रहे। विद्यालय के डायरेक्टर निसार खान एवं प्राचार्य शशिभूषण राय के कुशल नेतृत्व में पूरा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
बारहवीं में नूरी शबा का जलवा

बारहवीं बोर्ड परीक्षा में नूरी शबा (पिता मो. हसीब अंसारी) ने 92.4% अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं अमरजीत पटेल और प्राची राजवाड़े ने 91.8% अंक के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। तीसरे स्थान पर मेघा मिश्रा पिता संजय मिश्रा ने 87.4% अंक प्राप्त किए।
दसवीं में सयीद जोया अली अव्वल

दसवीं कक्षा में सयीद जोया अली ने 89.7% अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। सुप्रीम कुजूर 89.5% अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि उमा खूंटियां ने 88.3% अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
आठवीं में शानदार प्रदर्शन

आठवीं कक्षा में शिफरतुन निशा ने 97% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। संजू राजवाड़े 96.83% के साथ दूसरे और कविता सोनवानी 95.50% के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
पांचवीं में भी बालिकाओं का दबदबा

पांचवीं कक्षा में अनुष्का ने 94.50% अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रिया सिंह और साइनी मेथी ने 93.50% अंक के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि दिवासी मण्डल 93% के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
बालिकाओं ने मारी बाजी

इस वर्ष विद्यालय के परिणामों में एक खास बात यह रही कि अधिकांश कक्षाओं में बालिकाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थानों पर कब्जा जमाया, जो क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बना।
मेधावियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में सभी कक्षाओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान छात्राओं के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था, वहीं अभिभावकों ने भी गर्व के साथ इस उपलब्धि का जश्न मनाया।

शिक्षा के साथ संस्कार पर जोर

समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने का सशक्त साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के डायरेक्टर निसार खान ने कहा कि संस्थान का लक्ष्य केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित है। वहीं प्राचार्य शशिभूषण राय ने बताया कि नियमित टेस्ट, विशेष कक्षाएं और अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन से बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

शिक्षक-शिक्षिकाओं की रही सक्रिय भागीदारी
इस अवसर पर प्रधानाचार्य मिंटू कुमार द्विवेदी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं राजाराम देवांगन, अनिल भगत, शिल्पी सरकार, खुशबू यादव, मेघा तिवारी, कौशर बानो, संजय सिंह, हीरा विश्वकर्मा, पुष्पा मण्डल एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में डायरेक्टर निसार खान ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए सभी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी और भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित किया।

यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों की मेहनत का सम्मान बना, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर एक मजबूत और प्रेरणादायक कदम भी साबित हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ