चरचा कॉलरी। कोयलांचल क्षेत्र चरचा कॉलरी में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान की लापरवाही अब गंभीर जनसमस्या का रूप ले चुकी है। भीषण गर्मी के बीच राशनकार्ड धारकों को समय पर राशन नहीं मिलने से लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चे सुबह से तेज धूप में घंटों लाइन लगाकर खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन फिर भी उन्हें समय पर राशन नहीं मिल पा रहा।
गौरतलब है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कुछ दिन पहले भी समाचार के माध्यम से शासन-प्रशासन को अवगत कराया गया था, बावजूद इसके व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। उल्टा स्थिति और अधिक चरमराती नजर आ रही है। प्रशासनिक निर्देशों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर अब आम जनता की परेशानी का कारण बन गया है।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका शिवपुर चरचा अंतर्गत संचालित इस राशन दुकान से लगभग 1200 बीपीएल तथा 500 से 1000 एपीएल राशनकार्ड धारक जुड़े हुए हैं।
श प्रतिदिन बड़ी संख्या में हितग्राही सुबह 8 बजे से ही राशन लेने पहुंच जाते हैं, लेकिन दुकान समय पर नहीं खुलती। दुकान के बाहर लगी समय सारिणी में सुबह 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक संचालन का उल्लेख है, जबकि वास्तविकता में दुकानदार अपनी मनमानी करते हुए करीब 10:30 बजे दुकान खोलता है। इस देरी के कारण लोग तपती धूप में घंटों इंतजार करने को मजबूर हो जाते हैं।
सबसे हैरानी की बात यह है कि भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी उचित मूल्य दुकानों को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक खोलने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि लोगों को राहत मिल सके। इसके बावजूद चरचा कॉलरी में इन आदेशों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
व्यवस्थाओं की बदहाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुकान परिसर में पानी के लिए घड़ा तो रखा गया है, लेकिन उसमें पानी तक उपलब्ध नहीं रहता। भीषण गर्मी में घंटों लाइन में खड़े हितग्राहियों के सामने प्यास बुझाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। वहीं छाया की समुचित व्यवस्था भी नहीं होने से लोग खुले आसमान के नीचे खड़े रहने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान पर शासन का एक भी जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद नहीं रहता और पूरी व्यवस्था अशासकीय कर्मचारियों के भरोसे संचालित हो रही है। इससे पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कई बार लंबी प्रतीक्षा और अव्यवस्था से परेशान लोग बिना राशन लिए ही वापस लौट जाते हैं।
लगातार बढ़ती अव्यवस्था को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि राशन दुकान निर्धारित समय पर खोली जाए, लापरवाही बरतने वाले दुकानदार पर सख्त कार्रवाई की जाए, पेयजल एवं छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सरकारी कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति तय की जाए।
भीषण गर्मी के इस दौर में जहां प्रशासन आम जनता को राहत देने के निर्देश जारी कर रहा है, वहीं चरचा कॉलरी की शासकीय उचित मूल्य दुकान में फैली लापरवाही उन सभी प्रयासों को विफल करती नजर आ रही है। यदि जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ, तो आम जनता का आक्रोश और अधिक बढ़ सकता है।
0 टिप्पणियाँ