जिला कोरिया में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। 4 मई से 10 मई के बीच चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विभागीय टीम ने पटना, बैकुंठपुर एवं शिवपुर-चरचा थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो हाईवा, तीन ट्रैक्टर एवं एक मिनी ट्रक को जप्त किया है। कार्रवाई के बाद अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
खनिज विभाग की टीम द्वारा लगातार गश्त एवं निगरानी के दौरान इन वाहनों में अवैध रूप से कोयला, ईंट एवं गिट्टी का परिवहन किया जाना पाया गया। जांच में आवश्यक दस्तावेज एवं वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं किए जाने पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहनों को मौके पर ही जप्त कर लिया। जप्त किए गए वाहनों को थाना बैकुंठपुर, चरचा एवं पटना में अभिरक्षा में रखा गया है।
विभाग द्वारा जिन वाहनों पर कार्रवाई की गई उनमें सीजी 16 ए 2435 मिनी ट्रक, जिसके मालिक प्रदीप यादव बताए गए हैं। इसके अलावा सीजी 16 सीजी 6738 ट्रैक्टर के मालिक ओम कैलाश, सीजी 15 एसी 3349 ट्रैक्टर के मालिक शिव कुमार तथा सीजी 16 सीआर 2013 ट्रैक्टर के मालिक राधे सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
इसके साथ ही सीजी 10 एएम 7044 एवं सीजी 10 एएम 5428 नंबर की दो हाईवा गाड़ियों को भी जप्त किया गया है, जिनके मालिक श्री राम कंस्ट्रक्शन बताए गए हैं। इन सभी मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 की धारा 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं खनिज भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन के निर्देशानुसार खनिज संपदा की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए नियमित निरीक्षण, जांच एवं सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग की इस कार्रवाई को अवैध खनिज कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ