जिला कोरिया। नगरपालिका परिषद शिवपुर-चरचा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही मूलभूत समस्याओं को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष श्रीमती लालमुनि यादव के नेतृत्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा से मुलाकात कर नगर की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग करते हुए विस्तृत जानकारी दी। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस परिवार आम जनता के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन करेगा।
इस दौरान उन्होंने कहा कि नगर के मुख्य मार्गों सहित कई वार्डों में स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हुई हैं। रात के समय अंधेरा रहने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है और दुर्घटनाओं के साथ-साथ असामाजिक तत्वों की गतिविधियों का भी खतरा बना रहता है। कांग्रेस ने सभी बंद स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकांश वार्डों में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बरसात के मौसम में इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इसलिए सभी नालियों की व्यवस्थित सफाई कराने तथा नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने की मांग की गई।
नेता प्रतिपक्ष ने नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों महात्मा गांधी चौक, राजीव गांधी चौक, महंत जी पार्क, अटल जी पार्क सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर लगी बंद लाइटों को तत्काल चालू कराने की भी मांग की गई, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके और शाम के समय पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में कई विकास कार्यों के टेंडर जारी होने के बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं हो सके हैं। इससे जनता को विकास कार्यों का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मांग की कि जिन कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें तत्काल शुरू कराया जाए ताकि नगर का विकास प्रभावित न हो।
नगर में पेयजल संकट का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कई वार्डों में लोगों को नियमित रूप से पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष श्रीमती लालमुनि यादव ने कहा कि नगर की जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवनयापन कर रही है। सड़क, प्रकाश, सफाई और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएं भी लोगों को समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। नगर पालिका प्रशासन को जनहित के मुद्दों पर गंभीरता दिखाते हुए शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया गया तो कांग्रेस परिवार जनता के साथ मिलकर सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होगा और व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती लालमुनि यादव के साथ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमसागर यादव, सोहेल अहमद, सत्यनारायण मोदी, जागृत कुर्रे, विक्रांत सिंह, सोनू श्रीवास्तव, पंकज मिश्रा, भूपेंद्र यादव, प्रीति किंडो, विजेंद्र कुमार, धर्मवीर यादव, जितेंद्र यादव, मोहम्मद सलीम अंसारी, एजाज (गुड्डू), रामाधार, सोनू सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में नगर की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग करते हुए प्रशासन को चेताया कि यदि जनता की समस्याओं की अनदेखी जारी रही तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन कर नगर पालिका का घेराव करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
0 टिप्पणियाँ