सुशासन त्योहार में उमड़ा जनसैलाब: शिवपुर-चरचा शिविर में 200 आवेदन पहुंचे, समस्याओं के त्वरित निराकरण से जनता में दिखा विश्वास


जिला कोरिया। आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन कोरिया द्वारा बुधवार को नगर पालिका शिवपुर-चरचा में ‘सुशासन त्योहार’ के तहत विशाल जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। वार्ड क्रमांक 06 स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही, जहां लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं रखीं और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैकुंठपुर शुरेसा चौबे रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में उमेश कुमार पटेल, अरुण जयसवाल, राजेश सिंह, रामकली पाल, कुण्डल सायं, डॉ. महेश मिश्रा, वशिष्ठ कुमार ओझा, आलोक चक्रधारी तथा अनिल सोनी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा कुल 14 स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर आवेदन और समस्याओं का निराकरण भी किया गया। इनमें आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, यातायात पुलिस विभाग, खनिज विभाग, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, कृषि विभाग, श्रम विभाग, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत विभाग, पशुधन विकास विभाग, आधार पंजीयन एवं ई-केवाईसी, महिला एवं बाल संरक्षण तथा आदिवासी विकास विभाग प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। वहीं शिविर में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। अतिथियों द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया तथा उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी शिविर में विशेष पहल देखने को मिली। जरूरतमंद हितग्राहियों को पांच लाख रुपये तक के उपचार सुविधा वाले आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। अधिकारियों ने लोगों को स्वास्थ्य जांच, समय पर उपचार और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इधर पुलिस एवं यातायात विभाग द्वारा लगाए गए जागरूकता स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने रहे। अधिकारियों ने आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों, साइबर अपराध से बचाव तथा कानून व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। लोगों को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने के प्रति जागरूक किया गया।
सुशासन त्योहार के इस आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह देखने को मिला। नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है और शासन की योजनाओं की वास्तविक जानकारी भी प्राप्त होती है।
नगर पालिका शिवपुर-चरचा में आयोजित ‘सुशासन त्योहार’ के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर को आम जनता का व्यापक समर्थन मिला। शिविर के दौरान नगर पालिका क्षेत्र के सभी 15 वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। प्रशासन द्वारा लगाए गए इस विशेष शिविर में कुल 200 आवेदन पत्र प्राप्त किए गए, जिनमें 176 मांग संबंधी आवेदन तथा 24 शिकायत पत्र शामिल रहे।
शिविर में लोगों ने सड़क, बिजली, पानी, राशन कार्ड, पेंशन, आवास, सफाई व्यवस्था और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने का भरोसा दिलाया। कई मामलों में मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए समाधान भी किया गया, जिससे आम नागरिकों में संतोष और उत्साह देखने को मिला।

प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा है कि जनता की समस्याओं का समाधान सीधे उनके बीच पहुंचकर किया जाए, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। ‘सुशासन त्योहार’ के माध्यम से शासन और जनता के बीच संवाद मजबूत हो रहा है तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में प्रभावी पहल की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैकुंठपुर शुरेसा चौबे ने कहा कि सुशासन त्योहार के माध्यम से शासन और प्रशासन आम जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा, जागरूकता और विश्वास को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की। श्री चौबे ने कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए किसी भी अनजान लिंक, कॉल या ओटीपी साझा करने से बचना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे जन समस्या निवारण शिविर शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं, जहां विभिन्न विभाग एक ही स्थान पर उपस्थित होकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। पुलिस विभाग भी जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ