चिरमिरी में गूंजेगी श्रीराम कथा की रसधारा, शिवपुर-चरचा से सैकड़ों श्रद्धालु कलश यात्रा में हुए रवाना


चरचा काॅलरी। धार्मिक नगरी चिरमिरी एक बार फिर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्म के रंग में रंगने जा रही है। श्रीराम कथा आयोजन समिति चिरमिरी के तत्वावधान में 17 मई से 26 मई 2026 तक भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। यह विशाल धार्मिक आयोजन लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम, गोदरीपारा चिरमिरी में संपन्न होगा, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु प्रभु श्रीराम की जीवनगाथा का श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त करेंगे।
कथा व्यास के रूप में पूज्य स्वामी श्री रामभद्राचार्य जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे। वहीं कथा मंच का शुभारंभ आचार्य श्री रामचंद्र दास जी महाराज द्वारा किया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने व्यापक तैयारियां की गई हैं।

कार्यक्रम के तहत 17 मई को सुबह 9 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो कुरैशिया ग्राउंड बड़ा बाजार सीतापुर से प्रारंभ होकर कथा स्थल लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम गोदरीपारा तक पहुंचेगी। इसके बाद प्रतिदिन शाम 4 बजे से कथा का आयोजन होगा, जबकि प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे यज्ञशाला पूजन भी संपन्न कराया जाएगा।
इस धार्मिक आयोजन को लेकर नगर पालिका शिवपुर-चरचा में भी भारी उत्साह देखने को मिला। नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर बसों के माध्यम से कलश यात्रा में शामिल होने के लिए चिरमिरी रवाना हुईं। श्रद्धालुओं में कथा को लेकर विशेष उत्साह और आस्था का माहौल नजर आया।

आयोजन समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार कथा में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। इसमें श्रीराम जन्मोत्सव, सीताराम विवाह, रामवन गमन, भरत चरित्र, जटायु प्रसंग, हनुमान चरित्र, सुंदरकांड, अंगद-रावण संवाद, रावण वध तथा रामराज्याभिषेक जैसे महत्वपूर्ण प्रसंग शामिल रहेंगे।

26 मई को विशाल भंडारे के साथ श्रीराम कथा का समापन होगा। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ