महुआ पेड़ की छांव में लगा जनसमस्या निवारण शिविर, 19 गांवों के ग्रामीणों ने पहुंचकर रखीं समस्याएं, 330 आवेदन प्राप्त, 40 मामलों का मौके पर समाधान, ग्रामीणों को मिली जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी


जिला कोरिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर आयोजित राज्यस्तरीय सुशासन तिहार के तहत मंगलवार को बैकुंठपुर जनपद पंचायत के ग्राम बचरा में अनोखे अंदाज में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। गांव के खुले मैदान में महुआ पेड़ की छांव तले लगे इस शिविर में 19 गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। शिविर का आयोजन रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में किया गया।
ग्रामीण परिवेश में आयोजित इस शिविर में शासन और जनता के बीच सीधा संवाद देखने को मिला। विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से जुड़े लगभग 330 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 40 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर राहत प्रदान की गई। शिविर में पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
किसानों को एग्रीस्टेक पंजीयन की दी गई जानकारी

कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को बताया कि एग्रीस्टेक के तहत पंजीयन कराना अब बेहद आवश्यक हो गया है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, खाद-बीज वितरण, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सहित अन्य किसान हितैषी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया जा सकेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पंजीयन नहीं कराने पर किसानों को कई योजनाओं के लाभ से वंचित होना पड़ सकता है।
पीएम सूर्यघर योजना से बिजली बिल में मिलेगी राहत

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने ग्रामीणों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया। बताया गया कि इस योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार की ओर से सब्सिडी दी जा रही है, जिससे बिजली बिल में कमी आएगी और उपभोक्ताओं को दीर्घकालीन लाभ मिलेगा।

महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी जरूरी

महिला एवं बाल विकास विभाग ने महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से समय पर ई-केवाईसी कराने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि ई-केवाईसी नहीं होने पर योजना का लाभ प्रभावित हो सकता है। शिविर में नोनी सुरक्षा योजना, नवाबिहान योजना, पोषण अभियान, हमर स्वस्थ्य लईका कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि ‘सामर्थ्य’ मोबाइल एप के माध्यम से कुपोषित बच्चों की निगरानी की जा रही है, ताकि बच्चों को समय पर उपचार और पोषण सुविधा मिल सके।

किसानों को कृषि योजनाओं और अनुदान की जानकारी

शिविर में कृषक उन्नति योजना, किसान समृद्धि योजना, शून्य ब्याज कृषि ऋण तथा कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि कई कृषि उपकरणों पर 50 प्रतिशत तक सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

पीएम आवास योजना के हितग्राहियों से समय पर निर्माण पूरा करने की अपील

राजस्व विभाग ने नामांतरण, सीमांकन एवं बंटांकन से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण की जानकारी दी। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से कहा गया कि किश्त की राशि प्राप्त होने के बाद आवास निर्माण कार्यों को समय पर पूर्ण करें, ताकि योजनाओं का लाभ अन्य जरूरतमंदों तक भी पहुंच सके।

विधायक ने अधिकारियों को दिए संवेदनशीलता से काम करने के निर्देश

शिविर में पहुंचे भईया लाल राजवाड़े ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण का भरोसा दिलाया। उन्होंने पंचायत सचिवों से कहा कि छोटे-छोटे कार्यों के लिए ग्रामीणों को परेशान नहीं होना चाहिए।

उन्होंने पटवारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राजस्व संबंधी मामलों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समाधान करें। कुछ शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने मौके पर ही पटवारी से जवाब-तलब भी किया और ग्रामीणों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

जल संरक्षण के लिए ग्रामीणों से की गई अपील

आशुतोष चतुर्वेदी ने अधिकारियों को सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से जल संरक्षण के लिए सोख्ता गड्ढों का निर्माण करने और भूजल स्तर बढ़ाने में सहयोग करने की अपील की।

स्वास्थ्य जांच और आयुष विभाग की विशेष व्यवस्था

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल ग्रामीणों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे। स्वास्थ्य विभाग ने निशुल्क शुगर और बीपी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई, वहीं आयुष विभाग द्वारा भीषण गर्मी को देखते हुए ग्रामीणों के लिए पानकम वितरण की व्यवस्था की गई।

हितग्राहियों को वितरित की गई सामग्रियां

शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, फूड बास्केट, पीएम जनमन योजना के तहत आवास की चाबी एवं अभिनंदन पत्र, मत्स्य जाल, आइस बॉक्स तथा दिव्यांग एवं बुजुर्गों को छड़ी सहित विभिन्न हितग्राही मूलक सामग्रियों का वितरण किया गया।

इस अवसर पर मोहित पैकरा, वन्दना राजवाड़े, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ