जिला कोरिया। शिवपुर-चरचा नगर पालिका परिषद के चुनाव में अब महज चार माह का समय शेष है। ऐसे में नगर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है। रविवार को नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष श्रीमती लालमुनी यादव के नेतृत्व में कांग्रेस ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए राजीव गांधी चौक में सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक विशाल धरना-प्रदर्शन एवं आमसभा का आयोजन किया। दिनभर चले इस आंदोलन में नगर पालिका क्षेत्र के नागरिकों के साथ-साथ जिले भर से कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
धरने के माध्यम से कांग्रेस ने नगर की मूलभूत सुविधाओं को लेकर नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि लंबे समय से नगरवासी पेयजल संकट, सफाई व्यवस्था की बदहाली, बंद स्ट्रीट लाइट, जर्जर सड़कें और नालियां, जलभराव तथा कर्मचारियों के वेतन भुगतान जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन नगर पालिका प्रशासन समाधान निकालने में पूरी तरह विफल रहा है।
'जनता की आवाज दबाई नहीं जा सकती' – लालमुनी यादव
धरना स्थल को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष लालमुनी यादव ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन की उदासीनता के कारण शिवपुर-चरचा की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि कई बार ज्ञापन सौंपे गए, बैठकों में मुद्दे उठाए गए और जनसमस्याओं की जानकारी अधिकारियों को दी गई, लेकिन किसी भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। यही कारण है कि जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए कांग्रेस को सड़क पर उतरना पड़ा।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि नगरवासियों के अधिकारों और मूलभूत सुविधाओं के लिए है। यदि प्रशासन अब भी नहीं जागा तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
आठ सूत्रीय मांगों पर आंदोलन
धरने के दौरान कांग्रेस ने नगर पालिका प्रशासन के समक्ष आठ प्रमुख मांगें रखीं। इनमें नगर में व्याप्त पेयजल संकट का तत्काल समाधान, मुख्य मार्गों एवं सभी वार्डों की बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू करना, जर्जर सड़कों और नालियों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना, ब्लीचिंग पाउडर एवं कीटनाशक दवाओं का नियमित छिड़काव, नगर पालिका में कथित भ्रष्टाचार की जांच, कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
बरसात में और बढ़ी परेशानी
लालमुनी यादव ने कहा कि बारिश के मौसम में नगर की समस्याएं और विकराल हो गई हैं। कई वार्डों में नालियां जाम होने से जलभराव की स्थिति बन रही है। नियमित सफाई और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव नहीं होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं कई क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराने से लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
चुनाव से पहले कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन
नगर पालिका चुनाव से ठीक पहले आयोजित इस धरना-प्रदर्शन को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस ने इस मंच के माध्यम से नगर की समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए प्रशासन को घेरा और आगामी चुनावों के लिए अपनी सक्रियता का भी संदेश दिया। पूरे दिन चले आंदोलन में कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की घोषणा की।
काफी संख्या में पहुंचे कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता
धरना एवं आमसभा में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष श्रीमती लालमुनी यादव, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, वेदांती तिवारी, अजय सिंह, चन्द्रप्रकाश राजवाड़े, दीपक गुप्ता, हेमसागर यादव, भूपेंद्र यादव, रामाधार टोप्पो, विक्रांत सिंह, विक्रम सिंह, जागृत कुर्रे, सत्यनारायण मोदी सहित साई महिला समिति की सदस्याएं, नगर एवं जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा काफी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
धरने के बाद नगर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब निगाहें नगर पालिका प्रशासन पर टिकी हैं कि वह कांग्रेस द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं और आठ सूत्रीय मांगों पर क्या कदम उठाता है। वहीं कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं चरणबद्ध रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ