लोकतंत्र में मीडिया की अहम भूमिका, जनता और प्रशासन के बीच मजबूत सेतु है पत्रकारिता — कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता, सुशासन शिविरों के आवेदनों का होगा गंभीरता से निराकरण

जिला कोरिया। रोक्तिमा यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मीडिया केवल खबरों का माध्यम नहीं, बल्कि शासन-प्रशासन और आम जनता के बीच एक सशक्त सेतु है, जो समाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनजागरूकता को मजबूत करती है।
नवपदस्थ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती यादव ने कहा कि उनके लगभग 21 वर्षों के प्रशासनिक अनुभव में सरगुजा संभाग में कार्य करने का यह पहला अवसर है। उन्होंने कोरिया जिले को संभावनाओं से भरा जिला बताते हुए कहा कि यहां विकास के अनेक आयाम मौजूद हैं और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले के समग्र विकास को नई दिशा दी जाएगी।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों पर रहेगी। उन्होंने कहा कि आम जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक विभाग को जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया प्रशासन को आईना दिखाने का कार्य करती है, जिससे व्यवस्था में सुधार और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनी रहती है।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यालय और शासकीय कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली को अनिवार्य किया गया है। इससे प्रशासनिक कार्यों में अनुशासन और जवाबदेही बढ़ेगी।

सुशासन तिहार शिविरों को लेकर कलेक्टर ने कहा कि शिविरों में प्राप्त होने वाले प्रत्येक आवेदन का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ परीक्षण किया जाएगा तथा समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस अवसर पर डी.डी. मण्डावी ने जिले में संचालित जनगणना कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की। वहीं आशुतोष चतुर्वेदी, सुरेन्द्र वैद्य, जिला जनसंपर्क अधिकारी सहित बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक संवाद का वातावरण देखने को मिला, जहां विकास, सुशासन और जनहित से जुड़े विषयों पर गंभीर चर्चा हुई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ