भाजपा शिवपुर-चरचा मंडल में बड़ा संगठनात्मक विस्तार, श्रमिक नेताओं समेत कई सक्रिय कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारी


जिला कोरिया। कोरिया जिले में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी के निर्देशानुसार भाजपा शिवपुर-चरचा मंडल में व्यापक संगठनात्मक विस्तार किया गया है। मंडल अध्यक्ष दीपा विश्वकर्मा ने संगठन को सक्रिय, प्रभावी और चुनावी दृष्टि से मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई जुझारू एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे हैं।

विशेष बात यह है कि शिवपुर-चरचा मंडल भले ही क्षेत्रफल की दृष्टि से छोटा माना जाता हो, लेकिन संगठनात्मक कसावट और विस्तार के मामले में यह मंडल अब बेहद मजबूत स्वरूप में उभरकर सामने आया है। वर्तमान संगठनात्मक संरचना में तीन महामंत्री, सात उपाध्यक्ष और दो नए मंडल मंत्रियों को शामिल करते हुए पूरी टीम को और अधिक व्यापक बनाया गया है। भाजपा का यह कदम आगामी राजनीतिक गतिविधियों और नगर पालिका चुनावों को देखते हुए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
श्रमिक नेताओं को मिला संगठन में अहम स्थान

भाजपा ने इस विस्तार में एसईसीएल से जुड़े श्रमिक संगठनों के नेताओं और सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी प्रमुखता दी है। भारतीय मजदूर संघ के केन्द्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह एवं हिन्द मजदूर सभा के अशोक निर्मलकर से जुड़े प्रतिनिधियों को संगठन में दायित्व देकर पार्टी ने श्रमिक वर्ग में अपनी पकड़ मजबूत करने का संदेश दिया है।
संगठनात्मक विस्तार के तहत वरिष्ठ श्रमिक नेता धर्मेंद्र सिंह एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मनीष गुप्ता को मंडल उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं रणविजय सिंह को मंडल महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही प्रियंका विश्वकर्मा और अशोक निर्मलकर को मंडल मंत्री पद पर नियुक्त किया गया है।
बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति

मंडल अध्यक्ष दीपा विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा लगातार ऐसे कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दे रही है जो समाज और संगठन के बीच सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका शिवपुर-चरचा क्षेत्र में भाजपा की स्थिति बेहद मजबूत है तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ता पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ पार्टी के लिए कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मंडल स्तर पर लगातार संगठनात्मक गतिविधियां, जनसंपर्क अभियान और जनहित के कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पार्टी का उद्देश्य हर वर्ग के लोगों को संगठन से जोड़ना और भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है।
नगर पालिका चुनाव से पहले भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो भाजपा का यह संगठनात्मक विस्तार आगामी नगर पालिका चुनावों की तैयारी का बड़ा संकेत माना जा रहा है। पार्टी ने ऐसे चेहरों को जिम्मेदारी दी है जिनकी क्षेत्र में मजबूत पकड़, सक्रिय जनसंपर्क और सामाजिक प्रभाव है। इससे भाजपा को चुनावी रणनीति और बूथ प्रबंधन में सीधा लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है।

नई नियुक्तियों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। नव नियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पूरी निष्ठा के साथ भाजपा के विस्तार के लिए कार्य करने का संकल्प लिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ