चरचा कॉलरी। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल एवं एलपीजी गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ रही कीमतों के विरोध में रविवार को कांग्रेस पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। नगर पालिका शिवपुर चरचा के सुभाष चौक स्थित पेट्रोल पंप के समीप बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की।
चरचा शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में रविवार को चरचा के सुभाष चौक व बैकुंठपुर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को बैकुंठपुर पुलिस लाइन पेट्रोल पंप के घेराव एवं ब्लॉक स्तरीय धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से बढ़ती कीमतों को वापस लेने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता की कमर टूट चुकी है, वहीं खाद्य सामग्री की बेतहाशा महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग के सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।
कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम नागरिकों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं ली गईं तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।
धरना-प्रदर्शन में प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक स्तर के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, अशोक जायसवाल, बृजवासी तिवारी, सोहन स्वामी, चरचा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजीत लकड़ा, हेमसागर यादव, सुमन दुबे, जागृत कुर्रे, भूपेंद्र यादव, अनिल सिंह, राजा चंद्रा, धर्मवीर यादव, शिवराम यादव, अनिल कुशवाहा, पार्षद रामांधर टोप्पो, प्रदीप राजवाड़े, जितेंद्र वर्मा, लाल मोहम्मद, एजाज गुड्डू, राजू पासवान, विक्रांत सिंह, दिनेश यादव, मोहम्मद सोनू, राहुल, सूरज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर महंगाई के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया और कहा कि जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
0 टिप्पणियाँ