“अब पक्की छत देगी सुकून की छांव”: निर्माणाधीन आवास देखकर भावुक हुईं कलेक्टर रोक्तिमा यादव


जिला कोरिया। जिले की नवपदस्थ कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने मंगलवार को बैकुंठपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम बरदिया पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनके जीवन में पक्के घर से आने वाले बदलाव को महसूस किया और कहा कि अब यह पक्की छत उनके जीवन में सुकून, सुरक्षा और सम्मान की नई छांव लेकर आएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हितग्राही लक्ष्मी देवांगन और यशोदा देवांगन के निर्माणाधीन घरों का जायजा लिया। बातचीत में लक्ष्मी देवांगन ने बताया कि वे आंगनबाड़ी सहायिका हैं तथा उनके और उनकी बहन यशोदा देवांगन के पति का निधन हो चुका है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद दोनों बहनें एक-दूसरे का सहारा बनकर साथ में अपना पक्का घर तैयार कर रही हैं।

दोनों बहनों ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उन्हें भी पक्के घर में रहने का अवसर मिलेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास जगाया है। उन्होंने शासन की इस योजना को अपने जीवन का सबसे बड़ा सहारा बताया।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने कहा कि शासन की मंशा है कि हर जरूरतमंद और पात्र परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराया जाए, ताकि प्रत्येक व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जी सके। उन्होंने हितग्राहियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वर्षों की कठिनाइयों के बाद अब यह घर उनके जीवन में स्थिरता और राहत लेकर आएगा।

मौके पर मौजूद जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी ने हितग्राहियों को मई माह के अंतिम सप्ताह तक स्लैब कार्य पूर्ण करने की सलाह दी, ताकि बारिश के मौसम में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

ग्राम बरदिया में कलेक्टर की इस आत्मीय मुलाकात और हितग्राहियों के प्रति उनके संवेदनशील व्यवहार की ग्रामीणों द्वारा सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की ऐसी पहल से योजनाओं के प्रति विश्वास और उम्मीद दोनों मजबूत होती हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ