कोरिया जिले को मिली नई प्रशासनिक कमान, आईएएस श्रीमती रोक्तिमा यादव ने संभाली 20वीं कलेक्टर की जिम्मेदारी, कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण


जिला कोरिया। रोक्तिमा यादव ने सोमवार को कोरिया जिले की 20वीं कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण कर प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल लीं। वर्ष 2016 बैच की आईएएस अधिकारी श्रीमती यादव जिले की चौथी महिला कलेक्टर बनी हैं। उनके पदभार ग्रहण करते ही जिला प्रशासन में नई कार्यशैली और प्रशासनिक सक्रियता की झलक देखने को मिली।
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद कलेक्टर श्रीमती यादव ने कलेक्ट्रेट तथा जिला पंचायत कार्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधा संवाद किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं के कार्यों की जानकारी लेते हुए कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेख संधारण और जनहित से जुड़े मामलों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभागों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा नस्तियों और अभिलेखों को सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखा जाए, ताकि आम नागरिकों के कार्यों का त्वरित निराकरण हो सके।
प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली के लिए पहचान रखने वाली श्रीमती रोक्तिमा यादव इससे पूर्व कई महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुकी हैं। उन्होंने विभिन्न जिलों में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के रूप में कार्य करते हुए ग्रामीण विकास और जनकल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाई है। कलेक्टर बनने से पहले वे समाज कल्याण विभाग में संचालक के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।

कोरिया जिले में उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिले में विकास कार्यों की गति बढ़ाने, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में उनसे काफी अपेक्षाएं जुड़ी हुई हैं।

उल्लेखनीय है कि पूर्व कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी का स्थानांतरण बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कलेक्टर पद पर किया गया है। उनका कोरिया जिले में लगभग 21 माह का कार्यकाल रहा, जिसमें कई प्रशासनिक और विकासात्मक गतिविधियों को गति मिली।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी, एडीएम सुरेंद्र प्रसाद वैद्य, अपर कलेक्टर डी.डी. मंडावी, संयुक्त कलेक्टर अमित गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर राकेश साहू तथा एसडीएम बैकुंठपुर उमेश पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ