सीबीएसई 12वीं परीक्षा में केंद्रीय विद्यालय बैकुंठपुर का शानदार प्रदर्शन, छात्र-छात्राओं ने जिले का बढ़ाया मान, कॉमर्स में आलिया डे बनीं विद्यालय टॉपर, विज्ञान संकाय में देवेश शर्मा ने लहराया परचम


जिला कोरिया। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होते ही केंद्रीय विद्यालय बैकुंठपुर में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। शानदार परीक्षा परिणाम से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा तथा विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।

इस वर्ष कॉमर्स एवं विज्ञान दोनों संकायों में विद्यार्थियों ने बेहतरीन अंक हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम गौरवान्वित किया है। कॉमर्स संकाय में छात्रा आलिया डे ने 93.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी सफलता ने पूरे शिवपुर-चरचा क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया। वहीं ताहिरा नाज अंसारी ने 87.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान तथा हर्षित कुमार चक्रधारी ने 86.20 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विज्ञान संकाय में छात्र देवेश शर्मा ने 90.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं पीहू जायसवाल ने 90.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों मेधावी विद्यार्थियों के अंकों में मात्र 0.20 प्रतिशत का अंतर रहा, जिसने परीक्षा परिणाम को बेहद प्रतिस्पर्धात्मक बना दिया। संजीवनी सिन्हा ने 85.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

नगर पालिका शिवपुर-चरचा निवासी आलिया डे प्रारंभ से ही प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों एवं नियमित अध्ययन को दिया। आलिया के पिता दीपांकर डे और माता मोनिका डे ने बेटी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह सफलता संभव हो सकी है। आलिया ने भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाने की इच्छा जताई है तथा वर्तमान में चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) की तैयारी करने की योजना बनाई है।

आलिया डे की सफलता पर शिवपुर-चरचा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। क्षेत्रवासियों ने कहा कि उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और यह साबित करती है कि छोटे क्षेत्रों के विद्यार्थी भी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं।

विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का यह सकारात्मक परिणाम है। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भी केंद्रीय विद्यालय बैकुंठपुर इसी तरह उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देकर जिले का नाम रोशन करता रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ