योजनाओं की प्रगति पर कलेक्टर रोक्तिमा यादव सख्त, समय-सीमा बैठक में विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा, दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश


जिला कोरिया में नवपदस्थ कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने पदभार संभालने के बाद पहली समय-सीमा बैठक में प्रशासनिक कार्यों की रफ्तार और योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सख्त तेवर दिखाए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने राजस्व, खाद्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, मार्कफेड, सहकारिता, खनिज, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, लोक निर्माण, जल संसाधन, कृषि, वन विभाग तथा नगरीय निकायों में संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन विभागों की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप नहीं है, वे कार्यों में तेजी लाएं और लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्रीमती यादव ने विशेष रूप से जाति, निवास एवं अन्य प्रमाण पत्रों की उपलब्धता, एग्रीस्टेक पंजीयन, मनरेगा के अंतर्गत रोजगार सृजन, आधार अपडेट, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड तथा महतारी वंदन योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी की स्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में हो रही प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ शीघ्र पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सार्थक होगा जब दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों में रहने वाले पात्र लोगों तक सुविधाएं समय पर पहुंचें। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों को लेकर भी कलेक्टर गंभीर नजर आईं। उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्देशों का उल्लेख करते हुए अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं से जुड़े आवेदनों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और शासन के प्रति विश्वास मजबूत हो।

बैठक में वनमंडलाधिकारी प्रभाकर खलको, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी, एडीएम सुरेंद्र प्रसाद वैद्य, अपर कलेक्टर डी.डी. मंडावी, संयुक्त कलेक्टर अमित गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर राकेश साहू, उमेश पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ