आर्थिक स्वावलंबन से ही महिलाओं को मिलती है निर्णय लेने की ताकत : कलेक्टर रोक्तिमा यादव, लखपति दीदी प्रशिक्षण केंद्र पहुंचीं कलेक्टर, महिलाओं से किया संवाद, 'सोलर दीदी' बनने का दिया संदेश


जिला कोरिया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत विकासखंड सोनहत के ग्राम सलगंवाकला स्थित कम्युनिटी मैनेज्ड ट्रेनिंग सेंटर (सीएमटीसी) में आयोजित लखपति दीदी आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने और स्वयं का उद्यम स्थापित कर परिवार एवं समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेंद्र श्रीवास सहित मिशन बिहान की टीम भी मौजूद रही।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि आर्थिक स्वावलंबन महिलाओं को केवल आय ही नहीं देता, बल्कि परिवार में निर्णय लेने का आत्मविश्वास और सम्मान भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं स्वयं कमाने लगती हैं तो वे अपने परिवार की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और समाज के विकास की मजबूत आधारशिला बनती हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थी महिलाओं से सीखने के बाद अपने-अपने क्षेत्रों में सफल उद्यम स्थापित करने का आह्वान किया।
ऑनलाइन होगी लखपति दीदी ऋण प्रक्रिया

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को भारत सरकार द्वारा विकसित आईएलए (Individual Enterprise Loan Application- ILA) ऐप की जानकारी दी जा रही है। अब लखपति दीदी योजना के तहत मिलने वाले ऋण के आवेदन इसी ऐप के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएंगे। इसके लिए जिले के तीनों विकासखंडों से चयनित महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि भविष्य में बैंकों में ऋण प्रकरण पूरी तरह ऑनलाइन प्रस्तुत किए जा सकें।
दो चरणों में चल रहा तीन दिवसीय प्रशिक्षण

जिला पंचायत सीईओ श्री योगेंद्र श्रीवास ने बताया कि प्रशिक्षण दो बैचों में आयोजित किया जा रहा है। पहला बैच 24 से 26 जुलाई तथा दूसरा बैच 31 जुलाई से 2 अगस्त तक चलेगा। राज्य स्तर से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर श्री मसत राम एवं सुश्री कल्पना प्रतिभागियों को एंटरप्राइज फाइनेंसिंग और आईएलए ऐप के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दे रहे हैं।

'सोलर दीदी' बनकर बढ़ाएं आय : कलेक्टर

क्रांति महिला संकुल स्तरीय संगठन द्वारा संचालित प्रशिक्षण केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रोसेसिंग सेंटर, धान मिल, मशरूम उत्पादन इकाई सहित अन्य गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं को पीएम सूर्यघर योजना का लाभ उठाकर 'सोलर दीदी' बनने और सौर ऊर्जा आधारित आजीविका अपनाकर अतिरिक्त आय अर्जित करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतिभागियों के साथ बैठकर किया भोजन

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने प्रशिक्षण केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और प्रतिभागियों से संवाद कर उनके अनुभव जाने। भोजन की गुणवत्ता परखने के लिए उन्होंने जिला पंचायत सीईओ श्री योगेंद्र श्रीवास के साथ प्रशिक्षणार्थी महिलाओं के बीच बैठकर भोजन भी किया तथा केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं की सराहना की।

कलेक्टर के इस दौरे से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं में उत्साह का माहौल रहा। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे प्रशिक्षणों से स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं डिजिटल माध्यम से बैंकिंग, ऋण प्रबंधन और स्वरोजगार की दिशा में अधिक सक्षम बनेंगी, जिससे जिले में महिला उद्यमिता और आर्थिक सशक्तिकरण को नई गति मिलेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ