रामानुजगंज में सावन की तैयारियां तेज, 11 जुलाई को होगी कांवरिया सेवा समिति की महत्वपूर्ण बैठक, कांवड़ियों की सेवा के लिए भोजन, विश्राम, चिकित्सा व पेयजल व्यवस्था की बनेगी रूपरेखा, नगरवासियों से सहयोग की अपील


जिला कोरिया। भगवान शिव की आराधना का पावन माह सावन इस वर्ष 29 जुलाई से प्रारंभ हो रहा है। सावन के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से हजारों शिवभक्त पवित्र जल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में जलाभिषेक के लिए कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं। इन श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या प्रतिवर्ष बलरामपुर जिले के रामानुजगंज नगर से होकर गुजरती है। ऐसे में कांवड़ियों की सेवा एवं स्वागत की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कांवरिया सेवा समिति, रामानुजगंज ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसी क्रम में समिति द्वारा 11 जुलाई (शनिवार) शाम 5 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन में एक महत्वपूर्ण योजना बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सावन माह के दौरान कांवड़ियों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, विश्राम स्थल, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

समिति का उद्देश्य है कि रामानुजगंज से होकर गुजरने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सेवा, सहयोग और आत्मीयता का अनुभव हो। वर्षों से नगर में कांवड़ियों की निःस्वार्थ सेवा की परंपरा रही है, जिसमें सामाजिक संगठन, व्यापारी, युवा, महिलाएं और श्रद्धालु मिलकर सेवा शिविर संचालित करते हैं। इन शिविरों में भोजन, शीतल पेयजल, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे लंबी यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को राहत मिलती है।

कांवरिया सेवा समिति के संयोजक रमन अग्रवाल ने नगर के सभी सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, युवाओं एवं शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में बैठक में शामिल होने और सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि "कांवड़ियों की सेवा, भगवान भोलेनाथ की सेवा के समान है।" इसलिए इस पुण्य कार्य में सभी का सहयोग आवश्यक है।

समिति ने नगरवासियों से आह्वान किया है कि वे सेवा अभियान से जुड़कर सावन माह में आने वाले शिवभक्तों का आत्मीय स्वागत करें तथा रामानुजगंज की सेवा, श्रद्धा और सामाजिक समर्पण की गौरवशाली परंपरा को और अधिक मजबूत बनाएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ