जिला कोरिया। जिला पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद पांडे के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान थाना पटना के अपराध क्रमांक 191/2026 में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले की जांच के दौरान पुलिस को सफलता मिली।
प्रार्थी मनोज कुमार देवांगन ने थाना पटना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक CG07 LZ 7582) अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई है। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। मुखबिर से प्राप्त सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेही सोमा सिंह (35 वर्ष), पिता बहादुर सिंह, निवासी ग्राम महोरा, थाना पटना, जिला कोरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर विधिवत जप्त की गई। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
थाना पटना पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में चोरी, मारपीट, अवैध गतिविधियों एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल लोगों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। थाना प्रभारी प्रमोद पांडे के नेतृत्व में की जा रही त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।
थाना प्रभारी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी प्रकार की चोरी, संदिग्ध व्यक्ति, अवैध गतिविधि या अन्य अपराध संबंधी जानकारी मिले तो तत्काल थाना पटना पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।
0 टिप्पणियाँ