चरचा कॉलरी। थाना चरचा पुलिस ने फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। बीते दो दिनों के भीतर पुलिस ने चार फरार आरोपी एवं स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। लगातार हो रही इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों और आपराधिक तत्वों में भय का माहौल बन गया है।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक आनंद सोनी के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण, फरार आरोपियों की धरपकड़ और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उनके पदभार संभालने के बाद से लगातार प्रभावी कार्रवाई देखने को मिल रही है, जिससे कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशा सेन एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चरचा पुलिस ने अपराध क्रमांक 99/24 में धारा 458, 380, 332, 186, 353, 120-बी, 395, 397 भारतीय दंड संहिता तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत लंबे समय से फरार चल रहे रिजेश बासोर और कृपाशंकर राजवाड़े को गिरफ्तार किया।
इसी तरह एक अन्य प्रकरण में राकेश राठौर पिता नर्मदा प्रसाद तथा समीर मलिक पिता दयाराम बासोर को धारा 296, 506, 323 एवं 325 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इससे पूर्व भी चरचा पुलिस ने अपराध क्रमांक 73/29 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत फरार चल रहे अब्बू तालीफ अंसारी तथा सौरव राजवाड़े उर्फ डगरी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए न्यायालय में पेश किया था।
इन सभी सफल कार्रवाइयों में थाना प्रभारी आनंद सोनी के निर्देशन में एएसआई यादव, प्रधान आरक्षक बृजेश सिंह, आरक्षक विकास सिंह, राजेश तथा थाना स्टाफ की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही।
थाना प्रभारी आनंद सोनी ने कहा कि फरार आरोपियों, स्थायी वारंटियों एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना चरचा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लगातार हो रही इन प्रभावी कार्रवाइयों से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना हो रही है, वहीं अपराधियों में गिरफ्तारी का भय साफ दिखाई दे रहा है।
0 टिप्पणियाँ