जिला कोरिया। जिले के विकासखंड सोनहत स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, घुघरा में स्मार्ट टी.वी. के माध्यम से डिजिटल शिक्षण की शुरुआत होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई अब अधिक आधुनिक, प्रभावी और रोचक हो गई है। कलेक्टर के निर्देश पर आदिवासी विकास विभाग द्वारा विद्यालय में स्मार्ट टी.वी. उपलब्ध कराया गया है, जिससे अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि स्मार्ट टी.वी. स्थापित होने के बाद कक्षाओं में तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा मिला है। विज्ञान, गणित और भूगोल जैसे विषय अब 3डी एनिमेशन, शैक्षिक वीडियो, डिजिटल ग्राफिक्स और इंटरैक्टिव कंटेंट के माध्यम से सरल और आकर्षक तरीके से पढ़ाए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों की समझ और सीखने की क्षमता में लगातार सुधार हो रहा है।
विद्यालय के विद्यार्थियों को अब ऑनलाइन वीडियो लेक्चर, विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण डिजिटल सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है। विभिन्न शिक्षण ऐप्स और डिजिटल संसाधनों के उपयोग से विद्यार्थियों की कक्षा में सहभागिता बढ़ी है और सीखने की गति पहले की तुलना में अधिक प्रभावी हुई है।
स्मार्ट टी.वी. के जरिए व्यावसायिक पाठ्यक्रमों एवं स्किल डेवलपमेंट से जुड़े वीडियो भी दिखाए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान में वृद्धि हो रही है। वहीं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की डॉक्यूमेंट्री, सामान्य ज्ञान तथा जनजातीय संस्कृति से संबंधित सामग्री विद्यार्थियों के ज्ञान का दायरा भी बढ़ा रही है।
विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि डिजिटल शिक्षा की इस पहल से विद्यार्थियों में डिजिटल साक्षरता, आधुनिक तकनीक के प्रति रुचि, सामान्य ज्ञान और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है। यह पहल शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और विद्यार्थियों के लिए अधिक उपयोगी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
0 टिप्पणियाँ