नगर की बदहाल व्यवस्था को लेकर ब्लॉक कांग्रेस का प्रदर्शन, सीएमओ को सौंपा छह सूत्रीय ज्ञापन

जिला कोरिया। नगर पालिका परिषद शिवपुर चरचा क्षेत्र में व्याप्त मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शिवपुर चरचा ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक अध्यक्ष अजीत लकड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर की सफाई व्यवस्था, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट, कर्मचारियों के वेतन सहित विभिन्न जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि बरसात के मौसम में नगर की समस्याएं और गंभीर हो गई हैं। वार्डों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं, नालियां जाम हैं तथा नियमित सफाई नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। कांग्रेस ने सभी वार्डों में तत्काल सफाई अभियान चलाने और मच्छररोधी दवा का नियमित छिड़काव कराने की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बिजली कटौती के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसे देखते हुए नगर में अतिरिक्त 50 से 60 एचपी क्षमता के पंप लगाने की मांग की गई है, ताकि नागरिकों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि लगातार बारिश के बावजूद नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों को बिना रेनकोट के काम करना पड़ रहा है। कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें तत्काल रेनकोट उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा नगर के मुख्य मार्गों और वार्डों में बंद एवं खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा आवश्यकता अनुसार नई स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी रखी गई, ताकि बारिश के दौरान अंधेरे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं और सर्पदंश जैसी घटनाओं से बचा जा सके।
ब्लॉक कांग्रेस ने नगर पालिका कर्मचारियों को प्रत्येक माह नियमित वेतन भुगतान सुनिश्चित करने तथा नगर की सभी मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर की मूलभूत समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होने से आम नागरिकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। गंदगी, जलभराव और खराब स्ट्रीट लाइटों के कारण दुर्घटनाओं के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।

ब्लॉक अध्यक्ष अजीत लकड़ा ने कहा कि यह ज्ञापन नगरवासियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सौंपा गया है। यदि नगर पालिका प्रशासन जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं करता है तो कांग्रेस पार्टी आम जनता के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शिवपुर चरचा के अध्यक्ष अजीत लकड़ा के साथ जागृत कुर्रे, अनिल सिंह, रामाधार, शोहेल अहमद, राजा चंद्रा, राजू पासवान, काजू सिंह, सुमन दुबे, श्रवण सिंह, प्रदीप राजवाड़े, मोहम्मद लाल, राजू मोदी, सावन, सागर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ