चरचा कॉलरी। नगर पालिका शिवपुर-चरचा क्षेत्र में इन दिनों चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस की रात्रिकालीन गश्त के बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। ताजा घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 15 स्थित नेपाल गेट एवं व्हीटीसी कोरिया नीर के समीप मेन रोड पर गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया। नेपाल गेट निवासी कमलेश ठाकुर की सैलून एवं किराना दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। चोर दुकान के गल्ले में रखे लगभग 6 हजार रुपये नकद, लक्ष्मी-गणेश की तीन चांदी की मुद्राएं तथा करीब 15 लीटर पेट्रोल चोरी कर फरार हो गए।
इसी रात कोरिया नीर के समीप स्थित दो अन्य दुकानों के भी ताले तोड़े गए, लेकिन वहां चोरों के हाथ कोई कीमती सामान नहीं लग सका। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे हुए ताले और बिखरा सामान देखकर घटना की जानकारी मिली। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि के दौरान पुलिस की नियमित गश्त होने का दावा किया जाता है, लेकिन इसके बावजूद लगातार चोरी की घटनाएं होना गंभीर चिंता का विषय है। लोगों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि चोरों में पुलिस का बिल्कुल भी भय नहीं रह गया है। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में और बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।
0 टिप्पणियाँ