जिला कोरिया। जिले का पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला चरचा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। वर्ष 2023 में पीएम श्री योजना के तहत चयनित होने के बाद विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ शैक्षणिक गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
विद्यालय की शुरुआत दो शिक्षकों के साथ हुई थी, जबकि वर्तमान में चार शिक्षक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। विद्यार्थियों की संख्या में भी लगातार वृद्धि हो रही है, जो अभिभावकों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।
विद्यालय में पहले बिजली की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, जिसे अब सौर ऊर्जा प्रणाली से जोड़ा गया है। परिसर में रंगीन बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया गया है। साथ ही संगीत कक्ष, विज्ञान लर्निंग लैब, पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास, सभी कक्षाओं में सीसीटीवी कैमरे, ग्रीन बोर्ड, आधुनिक फर्नीचर, स्वच्छ पेयजल, वाटर कूलर तथा पर्याप्त शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
विद्यालय में नियमित रूप से स्मार्ट क्लास, विज्ञान गतिविधियां, पुस्तकालय अध्ययन, संगीत प्रशिक्षण तथा आउटडोर-इंडोर शिक्षण गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। समर कैंप के आयोजन से बच्चों की रचनात्मकता और सहभागिता में लगातार वृद्धि हो रही है। विद्यालय में छोटे-छोटे बच्चे यूनिफॉर्म और आईडी कार्ड के साथ नियमित रूप से उपस्थित होकर विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
प्रधान पाठक श्रीमती सीमा मिश्रा के नेतृत्व में विद्यालय का सफल संचालन किया जा रहा है। विद्यालय परिवार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि पीएम श्री योजना का लाभ हर विद्यार्थी तक पहुंचे।
विद्यालय प्रबंधन ने इस विकास का श्रेय कोरिया कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया है। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया है कि आने वाले समय में पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला चरचा छत्तीसगढ़ के उत्कृष्ट विद्यालयों में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।
विद्यालय परिवार का कहना है कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत बच्चों को केवल पाठ्यपुस्तक आधारित शिक्षा ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक, तकनीकी और रचनात्मक शिक्षा से भी जोड़ा जा रहा है। स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, संगीत कक्ष एवं पुस्तकालय के माध्यम से विद्यार्थियों में सीखने की रुचि बढ़ी है और उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है।
विद्यालय में समय-समय पर खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, योग, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, बालसभा तथा विभिन्न नवाचार गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इन आयोजनों में विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों की भी सक्रिय भागीदारी रहती है, जिससे विद्यालय और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि भविष्य में भी शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने, डिजिटल शिक्षण को बढ़ावा देने तथा बच्चों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं आनंददायक शिक्षा उपलब्ध कराना विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिले के चारों पीएम श्री विद्यालयों में चरचा विद्यालय अपनी उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और नवाचारों के कारण लगातार पहचान बना रहा है। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रशासन, शिक्षा विभाग, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों के सहयोग से यह विद्यालय आने वाले वर्षों में प्रदेश के आदर्श विद्यालयों में अपना स्थान बनाएगा।
0 टिप्पणियाँ