पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम का कोरिया में प्रथम आगमन, कानून-व्यवस्था और जनोन्मुखी पुलिसिंग पर दिया जोर

जिला कोरिया। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने पदभार ग्रहण करने के बाद रविवार को जिला कोरिया का प्रथम दौरा किया। उल्लेखनीय है कि वे जिला कोरिया के प्रथम पुलिस अधीक्षक भी रह चुके हैं। उनके आगमन पर दीपक झा, रवि कुमार कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया।
रक्षित केंद्र बैकुण्ठपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस महानिदेशक ने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा एवं पुलिसिंग की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष, संवेदनशील और जनहितैषी दृष्टिकोण अपनाते हुए आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने तथा प्रभावी एवं जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, सामुदायिक पुलिसिंग तथा आधुनिक तकनीक आधारित पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए जनता का विश्वास बनाए रखने का आह्वान किया।
दौरे के दौरान भारत सरकार के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पुलिस लाइन परिसर में पुलिस महानिदेशक श्री गौतम एवं आईजी श्री दीपक झा ने वृक्षारोपण किया। इसके बाद आयोजित सड़क सुरक्षा मितान सम्मेलन में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सड़क सुरक्षा मितानों तथा राहवीर योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की समय पर सहायता कर दो नागरिकों की जान बचाने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फर्स्ट एड किट बैग का भी वितरण किया गया।

कार्यक्रम में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), थाना एवं चौकी प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ