पहले आकस्मिक निरीक्षण में थाना परिसर, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात और सीसीटीएनएस कक्ष का लिया जायजा, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक श्री राठौर ने थाना परिसर, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष, अभिलेखों तथा अन्य शाखाओं का निरीक्षण कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, लंबित अपराधों, शिकायतों, मर्ग एवं गुमशुदगी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों की विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण में वैज्ञानिक एवं विधिसम्मत जांच को प्राथमिकता दी जाए।
निरीक्षण के दौरान श्री राठौर ने थाना परिसर की स्वच्छता और कार्यालयीन व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि एक स्वच्छ एवं व्यवस्थित थाना न केवल बेहतर कार्य संस्कृति का परिचायक होता है, बल्कि इससे आम नागरिकों में पुलिस के प्रति सकारात्मक विश्वास भी मजबूत होता है।
पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील, शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि थाना आने वाला प्रत्येक व्यक्ति न्याय की उम्मीद लेकर आता है, इसलिए उसकी शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। महिला, बालक एवं वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने तथा ऐसे मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने, स्थायी वारंटों की तामील में तेजी लाने, फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा नशे के विरुद्ध सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही गुंडा, बदमाश एवं असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने, उनकी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन, नियमित वाहन जांच अभियान तथा आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के समापन पर श्री हरीश राठौर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं टीम भावना के साथ कार्य करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का मजबूत रिश्ता ही बेहतर कानून-व्यवस्था की आधारशिला है। प्रत्येक पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्पक्षता से निर्वहन करते हुए आमजन में सुरक्षा, विश्वास और कानून के प्रति सम्मान का वातावरण बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहे।
निरीक्षण के दौरान उप पुलिस अधीक्षक श्री श्याम मधुकर, थाना प्रभारी उप निरीक्षक आनंद सोनी, थाना के विवेचकगण तथा समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ