जिला कोरिया। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने बैकुंठपुर स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपचार, काउंसलिंग और पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में भर्ती मरीजों से आत्मीयता से चर्चा कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा, भोजन, दवाइयों और परामर्श सेवाओं की जानकारी ली तथा उनकी समस्याएं भी सुनीं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र के संचालक को निर्देश दिए कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, समय पर दवाइयां, बेहतर चिकित्सकीय सेवाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केंद्र केवल उपचार का स्थान नहीं, बल्कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए मरीजों के शारीरिक उपचार के साथ-साथ उनके मानसिक स्वास्थ्य और समग्र पुनर्वास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
मरीजों को दिया सकारात्मक जीवन का संदेश
कलेक्टर श्रीमती यादव ने मरीजों से कहा कि नशे से मुक्ति का पहला कदम सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने मरीजों को हमेशा व्यस्त रहने, अच्छी पुस्तकें पढ़ने, हास्य एवं धार्मिक फिल्में देखने, परिवार के साथ समय बिताने तथा पेंटिंग, सिलाई, योग और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान नशा नहीं हो सकता। जीवन को नशे के अंधकार में धकेलने के बजाय ऐसे कार्य करें, जिनसे परिवार, मित्रों और समाज को प्रेरणा मिले।
योग, काउंसलिंग और फॉलोअप पर विशेष जोर
कलेक्टर ने नशा मुक्ति केंद्र के संचालक को निर्देशित किया कि मरीजों को नियमित काउंसलिंग, योग, व्यायाम, मेडिटेशन और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सकें। उन्होंने यह भी कहा कि उपचार के बाद मरीजों की नियमित फॉलोअप काउंसलिंग सुनिश्चित की जाए, जिससे वे दोबारा नशे की गिरफ्त में न आएं।
संघर्ष से ही मिलती है सफलता
मरीजों का उत्साहवर्धन करते हुए कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि कई लोग पारिवारिक समस्याओं, असफलताओं या अधूरे सपनों के कारण नशे का सहारा लेते हैं, जबकि अनेक लोग कठिन परिस्थितियों और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद अपने साहस और दृढ़ संकल्प के दम पर देश-दुनिया में पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि कठिन समय जीवन का अंत नहीं, बल्कि नई शुरुआत का अवसर होता है।
निरीक्षण के दौरान नशा मुक्ति केंद्र के संचालक ने केंद्र के संचालन, उपलब्ध सुविधाओं और पुनर्वास गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के उप संचालक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ