नगर पालिका शिवपुर-चरचा ने स्वच्छता कर्मियों को वितरित किए रेनकोट, टी-शर्ट और लोवर

 
जिला कोरिया। लगातार बारिश के बीच बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के कार्य कर रहे नगर पालिका शिवपुर-चरचा के स्वच्छता कर्मियों की समस्या को लेकर प्रकाशित समाचार का असर दिखाई दिया है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाली महिला स्वच्छता कर्मियों एवं सफाई कर्मचारियों को बरसात के मौसम में बिना रेनकोट, दस्ताने और सुरक्षा जूतों के काम करने की मजबूरी पर एक समाचार पत्र में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया।
बुधवार को नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल, उपाध्यक्ष राजेश सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा, उप अभियंता आलोक चक्रधारी तथा पार्षद प्रदीप तिवारी, रामकली पाल, कुंडल साय और संजय देवांगन की उपस्थिति में स्वच्छता कर्मियों को बारिश से बचाव के लिए आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
इस दौरान पुरुष सफाई कर्मचारियों को रेनकोट, टी-शर्ट और लोवर प्रदान किए गए, जबकि महिला स्वच्छता कर्मियों को रेनकोट वितरित किए गए। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता कर्मी हर मौसम में शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

गौरतलब है कि लगातार हो रही बारिश के बावजूद स्वच्छता कर्मी बिना पर्याप्त सुरक्षा संसाधनों के घर-घर जाकर कचरा संग्रहण और सफाई कार्य कर रहे थे। इस मुद्दे को समाचार पत्र में प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नगर पालिका द्वारा त्वरित पहल करते हुए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे कर्मचारियों में संतोष का माहौल देखा गया। हालांकि कर्मचारियों को अभी भी दस्ताने (ग्लव्स) और सुरक्षा जूतों की आवश्यकता है, जिनकी उपलब्धता से उनका कार्य और अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक हो सकेगा।
वितरण कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल ने कहा कि स्वच्छता कर्मी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। बारिश, गर्मी और सर्दी जैसे हर मौसम में वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना नगर पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों की कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने के लिए समय-समय पर आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करते हुए पूरी सावधानी के साथ कार्य करने की अपील की।

सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका द्वारा रेनकोट एवं अन्य सामग्री उपलब्ध कराए जाने पर आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि लगातार बारिश के दौरान यह सामग्री उनके लिए काफी उपयोगी साबित होगी और इससे कार्य करने में सुविधा मिलेगी। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में दस्ताने, सुरक्षा जूते तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे पूरी सुरक्षा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वच्छता कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वितरण के बाद सभी कर्मचारियों को नियमित रूप से सुरक्षा सामग्री का उपयोग करने तथा नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संदेश दिया गया।

हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि केवल रेनकोट से पूरी सुरक्षा संभव नहीं है। बरसात के मौसम में उन्हें अभी भी दस्ताने (ग्लव्स), सुरक्षा जूते और अन्य सुरक्षा उपकरणों की आवश्यकता है, ताकि वे सांप, बिच्छू, कीचड़ और संक्रमण जैसी संभावित परेशानियों से सुरक्षित रहकर अपना कार्य कर सकें।

स्वच्छता कर्मियों ने नगर पालिका द्वारा उपलब्ध कराई गई सामग्री पर खुशी जताते हुए समाचार पत्र का भी आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि उनकी समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के कारण प्रशासन का ध्यान इस ओर गया और उन्हें आवश्यक राहत मिल सकी। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि शेष सुरक्षा सामग्री भी जल्द उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे पूरी सुरक्षा और आत्मविश्वास के साथ नगर को स्वच्छ बनाए रखने की जिम्मेदारी निभा सकें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ