जिला कोरिया। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 14 जुलाई 2026 को प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में 'नमस्ते दिवस' का आयोजन किया गया। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा के नगर पालिका परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर स्वच्छता एवं सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा, उप अभियंता आलोक चक्रधारी, सफाई निरीक्षक हरीश जायसवाल, पार्षद प्रदीप तिवारी सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्वच्छता कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें समाज का महत्वपूर्ण आधार बताया।
इस अवसर पर भारत सरकार से प्राप्त पीपीई (PPE) किट का वितरण किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। सीवर, सेप्टिक टैंक एवं वेस्ट पिकर्स से जुड़े कर्मचारियों ने पीपीई किट पहनकर सामूहिक फोटो भी खिंचवाई।
कार्यक्रम में नमस्ते योजना एवं स्वच्छता उद्यमी योजना की जानकारी दी गई। साथ ही कर्मचारियों के लिए प्रोफाइलिंग कैंप, स्वास्थ्य जांच शिविर एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, ताकि उन्हें सुरक्षा मानकों, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
दोपहर 2 बजे आयोजित कार्यक्रम का राष्ट्रीय स्तर पर सीधा प्रसारण भी किया गया, जिससे देशभर के नगरीय निकाय ऑनलाइन जुड़े। इस दौरान अधिकारियों ने स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा, सम्मान एवं कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्हें हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता कर्मचारियों ने सुरक्षित कार्यस्थल, आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने कहा कि सफाई कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा उनके कल्याण के लिए संचालित सभी योजनाओं का लाभ पात्र कर्मचारियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाएगा।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों की मेहनत से ही शहर स्वच्छ और सुंदर बना रहता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पीपीई किट का नियमित उपयोग करने तथा स्वास्थ्य जांच शिविरों का लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी स्वच्छता एवं सफाई कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी गईं तथा स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका द्वारा निरंतर प्रयास किए जाने का संकल्प दोहराया गया।
0 टिप्पणियाँ