जिला कोरिया। जिला पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना पटना पुलिस ने शासकीय विद्यालय टेंगनी में हुई चोरी का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद किया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक जिला कोरिया के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना पटना पुलिस ने अपराध क्रमांक 187/2026 में दर्ज मामले की जांच के दौरान यह सफलता प्राप्त की। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
प्रार्थी द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार 27 जून 2026 की शाम से 30 जून 2026 की सुबह के बीच अज्ञात चोरों ने शासकीय विद्यालय टेंगनी के दो कमरों का ताला तोड़कर 08 सीलिंग पंखे एवं 02 नग सिंटेक्स नेट फाइबर केबल चोरी कर लिए थे। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 26 हजार रुपये बताई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पटना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर विद्यालय में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए पंखे, फाइबर केबल तथा घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद कर विधिवत जप्त की गई।
पुलिस ने मामले में कन्हैया सिंह (19 वर्ष) एवं उमान सिंह (19 वर्ष), दोनों निवासी टेंगनी पटेलपारा, थाना पटना, जिला कोरिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
थाना पटना पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था भंग करने वाले एवं सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ