चरचा पुलिस की तत्परता से अपहृत 8 वर्षीय बालिका सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा



जिला कोरिया। जिले के चरचा थाना क्षेत्र में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार दबिश के चलते अपहृत 8 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई को पीड़िता की मां ने थाना चरचा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 जुलाई की देर रात परिवार के सोने के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुस आया। आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की, धमकाया और उसकी 8 वर्षीय पुत्री का मुंह दबाकर जबरन अपने साथ ले गया। घटना के बाद परिजनों ने बच्ची की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक आनन्द सोनी ने तत्काल अपराध क्रमांक 101/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की विशेष टीम ने आसपास के क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग, सघन तलाशी और दबिश अभियान चलाया। पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण आरोपी बालिका के साथ कोई गंभीर वारदात नहीं कर सका और उसे छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा पीड़िता और परिजनों से पूछताछ कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

फिलहाल चरचा पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की विवेचना जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ