महिलाओं का आर्थिक स्वावलंबन ही ग्रामीण विकास का प्रमुख आधार : डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, केशगंवा के एकीकृत कृषि क्लस्टर का निरीक्षण, महिलाओं ने दो वर्षों में 5 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित की




जिला कोरिया। जिले के वनांचल क्षेत्र में महिला स्व-सहायता समूहों की मेहनत ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रही है। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने जनपद पंचायत सोनहत के ग्राम केशगंवा स्थित एकीकृत कृषि क्लस्टर (आईएफसी) का निरीक्षण किया और समूह की महिलाओं से सीधे संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान डॉ. चतुर्वेदी ने महिलाओं द्वारा संचालित कृषि एवं पशुपालन आधारित गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का आर्थिक स्वावलंबन ही ग्रामीण विकास का सबसे मजबूत आधार है और बिहान योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति को सशक्त करना है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत केशगंवा में तीन महिला स्व-सहायता समूहों की 16 महिलाएं सामूहिक रूप से मुर्गी पालन, बकरी पालन, सब्जी उत्पादन तथा वर्मी कम्पोस्ट निर्माण जैसे कार्य कर रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं ने पिछले दो वर्षों में 5 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर आर्थिक सशक्तिकरण का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
क्लस्टर में आधुनिक कृषि तकनीकों का भी सफल उपयोग किया जा रहा है। सब्जी उत्पादन के लिए मल्चिंग और ड्रिप सिंचाई अपनाई गई है, वहीं लेयर फार्मिंग मॉडल के तहत एक ही शेड में ऊपर बकरी पालन और नीचे मुर्गी पालन कर कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा रहा है।

यह केंद्र जीरो वेस्ट मैनेजमेंट की अवधारणा पर भी कार्य कर रहा है। फसल अवशेष एवं पशुपालन से निकलने वाले अपशिष्ट का उपयोग जैविक खाद तैयार करने में किया जाता है, जिसे पुनः सब्जी उत्पादन में इस्तेमाल किया जाता है। इससे लागत कम होने के साथ पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ खेती को भी बढ़ावा मिल रहा है।

महिलाओं से चर्चा करते हुए डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने उनकी मेहनत और नवाचार की सराहना की तथा अधिक लाभ अर्जित करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का लक्ष्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर गांवों की आर्थिक तस्वीर बदलना है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ