जिला कोरिया। जिले में चर्चित आदिवासी छात्रा आत्महत्या प्रकरण में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल विनोद बैद को पुलिस ने राजस्थान से लौटते समय अनूपपुर (मध्यप्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए कोरिया लेकर पहुंची, जहां मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, इस संवेदनशील मामले में पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी विनोद बैद राजस्थान से वापस आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे अनूपपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को लेकर पुलिस आईसी मार्ट सहित अन्य संभावित स्थानों पर जांच और पूछताछ की कार्रवाई कर रही है। वहीं, मामले में नामजद दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे ने एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान गिरफ्तारी एवं जांच की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है तथा फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि फरार आरोपियों के संबंध में किसी के पास कोई सूचना हो तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
फिलहाल मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच में तेजी आने की उम्मीद है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश पुलिस के लिए प्राथमिकता बनी हुई है।
0 टिप्पणियाँ