फरार आरोपियों की सूचना देने पर ₹5 हजार का इनाम घोषित, पुलिस अधीक्षक कोरिया की अपील


जिला कोरिया। थाना बैकुण्ठपुर क्षेत्र में नाबालिग बालिका आत्महत्या प्रकरण के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे ने महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति को ₹5,000 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस रेग्युलेशन के प्रावधानों के तहत की गई इस घोषणा में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को पुलिस लाइन बैकुण्ठपुर निवासी शिवनाथ पैकरा ने थाना बैकुण्ठपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी नाबालिग पुत्री कुमारी पूजा पैकरा पर आईसी मार्ट में चोरी का आरोप लगाकर आरोपियों ने कथित रूप से ₹50 हजार की मांग की, उसकी स्कूटी छीन ली तथा लगातार प्रताड़ित किया। इससे आहत होकर बालिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना बैकुण्ठपुर में अपराध क्रमांक 214/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 107, 308(2), 309(4), 296 तथा एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(2)(V) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

पुलिस द्वारा जिन आरोपियों की तलाश की जा रही है, उनमें विनोद बैद (50 वर्ष), जगत कुमार बैद (55 वर्ष) एवं दीपक बैद (30 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी कुमार चौक, बैकुण्ठपुर के निवासी हैं और घटना के बाद से फरार बताए गए हैं।

पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपियों के संबंध में कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। उपयोगी सूचना देने वाले व्यक्ति को ₹5,000 का नगद पुरस्कार दिया जाएगा तथा उसकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

सूचना हेतु संपर्क नंबर:

पुलिस अधीक्षक, जिला कोरिया – 9479193700

पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, बैकुण्ठपुर – 9479193704

थाना प्रभारी, आजाक थाना बैकुण्ठपुर – 9479193705

पुलिस कंट्रोल रूम – 9479193799

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ