चरचा कॉलरी। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्रालय, महानदी भवन नवा रायपुर अटल नगर द्वारा नगरीय निकायों में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से अधिकारियों की पदोन्नति और पदस्थापना के आदेश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद शिवपुर–चरचा में पदस्थ सहायक ग्रेड–02 शशिभूषण कुमार श्रीवास्तव को पदोन्नत कर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के पद पर नियुक्त किया गया है। उन्हें सिमगा नगर पालिका की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार श्री श्रीवास्तव को मुख्य नगर पालिका अधिकारी ‘ग’ वर्ग (वेतनमान 9300–34800, ग्रेड पे 4300) के पद पर पदोन्नति प्रदान करते हुए अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक पदस्थ किया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उनकी पदस्थापना शासन द्वारा निर्धारित सेवा शर्तों और नियमों के अधीन प्रभावशील होगी।
लंबे समय से दे रहे थे सेवाएं
शशिभूषण कुमार श्रीवास्तव लंबे समय से नगर पालिका परिषद शिवपुर–चरचा में अपनी सेवाएं दे रहे थे। कार्यालयीन कार्यों के साथ-साथ प्रशासनिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी और कार्यकुशलता के कारण वे कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच एक जिम्मेदार अधिकारी के रूप में पहचाने जाते रहे हैं। उनके अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए शासन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
विकास कार्यों में आएगी तेजी
नगर पालिका से जुड़े जानकारों का मानना है कि श्री श्रीवास्तव के मुख्य नगर पालिका अधिकारी बनने से विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था में और अधिक गति आएगी। स्वच्छता, पेयजल, सड़क निर्माण, प्रकाश व्यवस्था और जनहित से जुड़े अन्य कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
क्षेत्र में खुशी का माहौल
श्री श्रीवास्तव की पदोन्नति की खबर मिलते ही नगर पालिका कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के नागरिकों में खुशी का माहौल देखा गया। कई लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में नगर पालिका सिमगा में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और आम जनता से जुड़े कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।
0 टिप्पणियाँ