बेसरझरिया स्कूल में साइंस लर्निंग सेंटर का उद्घाटन, छात्रों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने की पहल


जिला कोरिया। वैज्ञानिक शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण व तार्किक सोच विकसित करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न विद्यालयों में जिला शिक्षा विभाग और ब्रेकथ्रू साइंस सोसायटी कोरिया के तत्वावधान में साइंस लर्निंग सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 13 मार्च को शासकीय माध्यमिक शाला बेसरझरिया में साइंस लर्निंग सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रेकथ्रू साइंस सोसायटी कोरिया के जिला संयोजक श्री कमल डडसेना (व्याख्याता) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अमरनाथ सिंह (शिक्षक व सदस्य, ब्रेकथ्रू साइंस सोसायटी) तथा श्री सुशील कुमार शुक्ला (संकुल समन्वयक) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान पाठक श्री मूरत सिंह ने की, जबकि संचालन श्री रविप्रकाश डडसेना (शिक्षक) द्वारा किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विज्ञान के विभिन्न मॉडलों का अतिथियों ने अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के कार्य और वैज्ञानिक सिद्धांतों की जानकारी भी प्रस्तुत की, जिसे देखकर अतिथि काफी प्रभावित हुए।

मुख्य अतिथि श्री कमल डडसेना ने कहा कि जिले की सभी माध्यमिक शालाओं में जल्द ही इस तरह के साइंस लर्निंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जिससे बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तार्किक सोच का विकास होगा। उन्होंने बताया कि अब इस लर्निंग सेंटर के माध्यम से सप्ताह में एक दिन छात्र भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान, गणित और खगोल विज्ञान जैसे विषयों को प्रयोग के माध्यम से समझेंगे, जिससे विज्ञान के प्रति उनकी रुचि और बढ़ेगी।
विशिष्ट अतिथि श्री अमरनाथ सिंह ने साइंस लर्निंग सेंटर की उपयोगिता और शैक्षणिक गुणवत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को विज्ञान को व्यवहारिक रूप में समझने का अवसर मिलेगा। वहीं संकुल समन्वयक श्री सुशील कुमार शुक्ला ने कहा कि यह केंद्र विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को मजबूत करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता और नवाचारी सोच को भी विकसित करेगा, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव होगा।

कार्यक्रम में प्रधान पाठक श्री मूरत सिंह, श्री सतीश कुमार गुप्ता (शिक्षक), श्री रूपेश कुमार पांडेय (सहायक शिक्षक), श्री बाल मुकुंद सिंह (प्रधान पाठक), श्रीमती वंदना शर्मा (व्याख्याता), श्रीमती मेरी लूसी बड़ा (व्याख्याता), श्रीमती विमला सोनवानी (शिक्षिका), श्री राजकुमार सिंह (प्रधान पाठक) सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ