चरचा कॉलरी। ईद-उल-फितर का पावन पर्व पूरे क्षेत्र में हर्ष, उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। रमजान के पवित्र महीने में एक माह तक रोज़ा रखने के बाद मनाया जाने वाला यह त्योहार मुस्लिम समुदाय के लिए बेहद खास होता है। इस दिन लोग अल्लाह की इबादत के साथ-साथ एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद देते हैं और आपसी प्रेम को मजबूत करते हैं।
इसी कड़ी में टावर चौक के समीप ऑटो संघ के मुस्लिम समुदाय के सदस्यों द्वारा ईद के अवसर पर भव्य सेंवई वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी और सभी ने मिलकर इस पवित्र पर्व की खुशियां साझा कीं। राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के नागरिकों को प्रेमपूर्वक सेंवई खिलाई गई और ईद की मुबारकबाद दी गई।
सेंवई, जो ईद का प्रमुख और पारंपरिक व्यंजन है, इस त्योहार की मिठास और आपसी सौहार्द का प्रतीक मानी जाती है। सेंवई वितरण के इस आयोजन ने न केवल लोगों के दिलों में मिठास घोली, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का सशक्त संदेश भी दिया। हर वर्ग और समुदाय के लोगों ने इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे टावर चौक का माहौल पूरी तरह से उत्सवमय हो गया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि त्योहार केवल किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं होते, बल्कि यह समाज को जोड़ने और प्रेम बढ़ाने का माध्यम होते हैं। सेंवई वितरण के जरिए लोगों ने आपसी भेदभाव भुलाकर एकता और सौहार्द की मिसाल पेश की।
इस अवसर पर सिराज अंसारी, असलम, लुकमान, मोहम्मद हसीब अंसारी, मोहम्मद इकराम अली, सिराज, सोनू सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाया और क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहजीब की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
0 टिप्पणियाँ